Rajendra Singh Hockey: संत नगर का 'लाल' Asian Games में कर रहा कमाल, पाकिस्तान को हरा फाइनल में भारत

भारत की जीत के बाद Sant Nagar में जश्न, राजेंद्र के खेल पर टिकीं गांव की उम्मीदें

Published On

Rajendra Singh Hockey: खारियां, (सच कहूँ/सुनील कुमार)। एशियन गेम्स के हॉकी सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई तो रानियां क्षेत्र के गांव संत नगर में भी जश्न का माहौल बन गया। भारतीय टीम के मिडफील्डर राजेंद्र सिंह के इसी गांव से होने के कारण ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की नजरें मुकाबले पर टिकी थीं। राजेंद्र ने सेमीफाइनल में भारतीय टीम की ओर से मैदान पर उतरकर अपना योगदान दिया। अब टीम के फाइनल में पहुंचने के साथ ही गांव के लोगों की उम्मीदें राजेंद्र से भी जुड़ गई हैं और उन्हें स्वर्ण पदक जीतने की आस है। एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में राजेंद्र सिंह के चयन के बाद से ही संत नगर में उनके प्रदर्शन को लेकर खास उत्साह है। विश्व कप के बाद लगातार दूसरी बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम का हिस्सा बनना उनके खेल करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

संत नगर की हॉकी परंपरा फिर चर्चा में

राजेंद्र की उपलब्धि के साथ संत नगर की हॉकी परंपरा भी एक बार फिर चर्चा में है। गांव के एक दर्जन से अधिक खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय हॉकी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जबकि तीन खिलाड़ी ओलंपियन बनने का गौरव हासिल कर चुके हैं। भारत की जीत के बाद नामधारी स्पोर्ट्स अकादमी, संत नगर और सतगुरु प्रताप सिंह हॉकी स्टेडियम, जीवन नगर के खिलाड़ियों ने नाच-गाकर खुशी मनाई। खिलाड़ियों ने राजेंद्र सिंह समेत पूरी भारतीय टीम को फाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं। हॉकी कोच बलजीत सिंह, गुरबचन सिंह, चांदनी सेन, कश्मीर सिंह, मुख्तार सिंह, संपत सिंह तथा सरपंच प्रतिनिधि दलसिंह सहित खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने भारतीय टीम को फाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं।

कड़ी मेहनत और अनुशासन से यहां तक पहुंचे राजेंद्र

राजेंद्र सिंह के शुरूआती कोच और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी हरविंदर सिंह सोनी ने बताया कि राजेंद्र ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ हॉकी की बारीकियां सीखीं। अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के बाद भी राजेंद्र अपने शुरूआती कोचों के संपर्क में रहते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय टीम फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन करेगी।

About The Author

Related Posts