NCERT की किताबों की खराब छपाई पर मचा बवाल, शिकायतों के बाद एक्शन में बोर्ड; दोषी प्रिंटर पर होगी सख्त कार्रवाई
10वीं की NCERT किताबों में छपाई की खामी, शिकायतों के बाद हरकत में आया बोर्ड
स्कूली बच्चों को पढ़ाई के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए एनसीईआरटी (NCERT) ने पाठ्यपुस्तकों की छपाई की गुणवत्ता को लेकर उठी शिकायतों पर गंभीरता दिखाई है। कक्षा 10वीं की किताबों में छोटे, धुंधले और खराब तरीके से छपे अक्षरों की शिकायतें सामने आने के बाद एनसीईआरटी ने मामले का संज्ञान लिया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि छपाई की गुणवत्ता से जुड़े मुद्दों की प्राथमिकता के आधार पर जांच की जा रही है। साथ ही, यदि किसी प्रिंटर की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों को पढ़ने में हो रही परेशानी
दरअसल, एनसीईआरटी की किताबों की छपाई को लेकर यह मामला उस समय चर्चा में आया, जब सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विनीत जिंदल सहित कई अभिभावकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी चिंता जाहिर की। उन्होंने कक्षा 10वीं की एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों की प्रिंटिंग क्वालिटी पर सवाल उठाए।
विनीत जिंदल ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उनका बेटा कक्षा 10वीं में पढ़ता है और उसकी एनसीईआरटी की किताब में अक्षर बेहद छोटे, धुंधले और खराब तरीके से छपे हुए हैं। इस वजह से बच्चों को किताब पढ़ने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आंखों पर पड़ सकता है बुरा असर
विनीत जिंदल ने अपनी पोस्ट में यह भी चिंता जताई कि किताबों की खराब छपाई बच्चों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है। छोटे और धुंधले अक्षरों को लगातार पढ़ने से बच्चों की आंखों पर अनावश्यक दबाव पड़ सकता है। इसके अलावा सिरदर्द और स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य परेशानियां भी हो सकती हैं।
उन्होंने मांग की कि एनसीईआरटी को अपनी पाठ्यपुस्तकों की छपाई के मौजूदा मानकों की दोबारा समीक्षा करनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
NCERT ने दिया कार्रवाई का भरोसा
मामला सामने आने के बाद एनसीईआरटी ने बयान जारी कर कहा है कि वह किताबों की प्रिंटिंग क्वालिटी से जुड़े मुद्दे को गंभीरता से देख रही है। इसकी जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। बोर्ड ने भरोसा दिलाया है कि छपाई में खामी के लिए जो भी प्रिंटर जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एनसीईआरटी ने यह भी स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक स्पष्ट, आसानी से पढ़ी जा सकने वाली और विद्यार्थियों के अनुकूल पाठ्यपुस्तकें पहुंचाना है। अब इस मामले में जांच के नतीजों और जिम्मेदार प्रिंटर के खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
Comments