शिक्षा और रोजगार
अजित पवार की मौत से भावनात्मक रूप से परेशान हैं रोहित पवार: सुप्रिया
अजित पवार की मौत से भावनात्मक रूप से परेशान हैं रोहित पवार: सुप्रिया
पुणे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ( राकांपा-एसपी) नेता एवं सांसद सुप्रिया सुले ने कहा है कि विधायक रोहित पवार अपने चाचा और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत के बाद भावनात्मक रूप से परेशान हैं और उनकी मौत की परिस्थितियों को लेकर जवाब तलाश रहे हैं। हाल ही में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्री रोहित पवार के आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सुश्री सुले ने यह बात कही।
श्री रोहित पवार ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर अजित पवार की मौत के लिए कथित तौर पर जिम्मेदार लोगों को बचाने का आरोप लगाया था।
सुश्री सुले ने कहा, "अजित दादा और रोहित पवार के बीच गहरा स्नेह था। स्वाभाविक रूप से रोहित परेशान हैं और उनके मन में कई ऐसे सवाल हैं, जिनके जवाब नहीं मिले हैं। इनमें यह सवाल भी शामिल है कि उनके चाचा के साथ आखिर क्या हुआ था। ये ऐसे सवाल हैं, जो कई लोगों के मन में हैं। मुझे रोहित से बात करनी होगी।" उन्होंने कहा कि श्री फडणवीस ने राज्य की जनता को आश्वासन दिया था कि अजित पवार के विमान हादसे की जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द जारी की जायेगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भी श्री फडणवीस ने सार्वजनिक रूप से रिपोर्ट जल्द सौंपने की मांग की थी। उन्होंने कहा, "हमें जांच रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए। यह मामला केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है।"
सुश्री सुले ने सूखा प्रभावित उन किसानों से जिला कलेक्टर कार्यालयों में संपर्क करने की अपील की, जिन्हें राज्य सरकार की ओर से दी जाने वाली 5,000 रुपये की अग्रिम वित्तीय सहायता नहीं मिली है। उन्होंने कहा, "यह वह राशि है, जिसे पाने का किसानों को कानूनी अधिकार है। जिन किसानों को यह रकम नहीं मिली है, उन्हें जिला कलेक्टर कार्यालय जाना चाहिए। हम इस मामले पर लगातार नजर रख रहे हैं, ताकि उन्हें उनका उचित लाभ मिल सके।"
सुश्री सुले ने कहा कि राकांपा (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने सूखा प्रभावित क्षेत्रों में फलोद्यानों के लिए पानी के टैंकर तैनात करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मांग को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने पुणे के हिंजवड़ी और अन्य इलाकों में लगातार बढ़ते यातायात जाम पर भी चिंता जतायी। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर चर्चा करने और यातायात की समस्या कम करने के उपाय तलाशने के लिए पुणे नगर आयुक्त से मुलाकात करेंगी।
Comments