Changing Weather: बदलते मौसम में बच्चों की सांसों पर बढ़ रहा खतरा, एलर्जी और अस्थमा को न करें नजर अंदाज

लगातार खांसी, सीने में घरघराहट और सांस फूलना हो सकते हैं गंभीर बीमारी के संकेत, समय पर पहचान और नियमित उपचार जरूरी – डॉ. अभिनव तोमर

Published On

बड़ौत, सच कहूँ/डॉ संदीप दहिया)। Baraut News: मौसम में बदलाव का असर केवल तापमान तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका सीधा प्रभाव बच्चों के स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। गर्मी की विदाई और सर्दी की शुरुआत के बीच वातावरण में होने वाले बदलाव से बच्चों में सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। खासकर एलर्जी और अस्थमा से पीड़ित बच्चों के लिए यह मौसम अधिक परेशानी पैदा कर सकता है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों की सेहत के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

बड़ौत के प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव तोमर के अनुसार, बदलते मौसम में वातावरण में मौजूद धूल, धुआं, प्रदूषण और तापमान में उतार-चढ़ाव बच्चों की सांस की नलियों को प्रभावित कर सकते हैं। जिन बच्चों को पहले से सांस की नली में एलर्जी या अस्थमा की शिकायत होती है, उनमें इन कारणों से बीमारी के लक्षण बढ़ सकते हैं। कई बार शुरुआत में दिखाई देने वाले लक्षण सामान्य सर्दी-जुकाम जैसे लगते हैं, लेकिन समय पर ध्यान न देने पर समस्या गंभीर रूप ले सकती है।

क्या हैं सांस संबंधी बीमारी के प्रमुख लक्षण?

बच्चों में लंबे समय तक खांसी रहना, रात के समय खांसी बढ़ जाना, सांस लेते समय सीटी या सांय-सांय जैसी आवाज आना, खेलते या दौड़ते समय जल्दी सांस फूलना और सीने में जकड़न महसूस होना सांस की नली में एलर्जी अथवा अस्थमा के संकेत हो सकते हैं। कुछ बच्चों में सांस लेने के दौरान पसलियां चलने लगती हैं। ऐसे लक्षणों को सामान्य खांसी समझकर घरेलू उपचार तक सीमित रहना उचित नहीं है।

एलर्जी और अस्थमा में बरतें विशेष सावधानी

डॉ. अभिनव तोमर बताते हैं कि एलर्जी और अस्थमा से पीड़ित बच्चों को मौसम बदलने के दौरान विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। अभिभावकों को बच्चों को धूल, धुएं, तेज गंध और प्रदूषण से बचाने का प्रयास करना चाहिए। घर के आसपास साफ-सफाई रखें और बच्चों को ठंडी हवा तथा ऐसे वातावरण से बचाएं, जिनसे उनकी एलर्जी बढ़ती हो।

जिन बच्चों को चिकित्सक ने पहले से इनहेलर, नेबुलाइजर या नियमित दवाइयां दी हुई हैं, उन्हें बिना चिकित्सकीय सलाह के बंद नहीं करना चाहिए। नियमित दवाइयों और समय-समय पर जांच के माध्यम से बीमारी को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। इनहेलर को लेकर किसी प्रकार की भ्रांति नहीं पालनी चाहिए और इसका इस्तेमाल चिकित्सक के निर्देशानुसार करना चाहिए।

सांस लेने में परेशानी हो तो तुरंत लें चिकित्सकीय सलाह

बच्चे को सांस लेने में अधिक परेशानी हो, पसलियां अंदर की ओर खिंच रही हों, होंठ नीले पड़ने लगें या बच्चा बोलने और पीने में असमर्थ हो तो इसे गंभीर स्थिति मानते हुए तत्काल आपातकालीन चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।

डॉ. अभिनव तोमर ने अभिभावकों से अपील की कि बदलते मौसम में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न बरतें। लगातार खांसी, घरघराहट या सांस फूलने जैसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवाइयां देने के बजाय बाल रोग विशेषज्ञ से परामर्श लें। बीमारी की समय पर पहचान, उचित उपचार और सावधानी ही बच्चों को सांस संबंधी परेशानियों से सुरक्षित रखने का बेहतर उपाय है।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts