दिल्ली-पौड़ी हाईवे पर गड्ढो का जाल, स्टेट बैंक के सामने सड़क बनी मुसीबत, हादसों का खतरा बढ़ा
दिल्ली-पौड़ी हाईवे पर गड्ढो का जाल, स्टेट बैंक के सामने सड़क बनी मुसीबत, हादसों का खतरा बढ़ा
मीरापुर। सच कहूं/कोमल प्रजापति।दिल्ली-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मीरापुर में सड़क की बदहाल स्थिति राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। थाना चैराहे से भारतीय स्टेट बैंक के सामने तक सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। सबसे अधिक खराब स्थिति बैंक के सामने है, जहां बड़े-बड़े गड्ढो के चलते पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है।
दिल्ली-पौड़ी हाईवे क्षेत्र का प्रमुख मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क पर बने गड्ढो के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। अचानक सामने आने वाले गड्ढो से वाहन अनियंत्रित होने और दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा इसकी मरम्मत कराने की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसी मार्ग से प्रतिदिन अधिकारी, जनप्रतिनिधि और मंत्री भी गुजरते हैं, इसके बावजूद सड़क की बदहाली दूर नहीं हो पा रही है। एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दे रहे हैं, वहीं मीरापुर में राष्ट्रीय राजमार्ग की यह स्थिति सरकारी दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले इस समस्या का समाधान हो सके।
Comments