Miranpur News: मीरापुर में आजाद समाज पार्टी का मुस्लिम सम्मान समारोह, रविंद्र भाटी ने पुष्प वर्षा कर किया लोगों का स्वागत
मीरापुर में आजाद समाज पार्टी का मुस्लिम सम्मान समारोह, रविंद्र भाटी ने पुष्प वर्षा कर किया लोगों का स्वागत
मीरापुर, सच कहूँ/कोमल प्रजापति। Miranpur News: मोंटी बाईपास स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मीरापुर विधानसभा प्रत्याशी रविंद्र भाटी की ओर से मुस्लिम सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने प्रतिभाग किया। समारोह में पहुंचे लोगों का रविंद्र भाटी ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सामाजिक एकता और राजनीतिक भागीदारी पर जोर दिया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे रविंद्र भाटी ने कहा कि सांसद चंद्रशेखर आजाद ऐसे नेता हैं, जो संसद में मुसलमानों की आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर हिंदू-मुस्लिम राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विकास के मुद्दों पर सरकार विफल रही है और मुसलमानों के साथ अत्याचार हो रहे हैं। रविंद्र भाटी ने कहा कि देश जितना हिंदुओं का है, उतना ही मुसलमानों का भी है। देश की आजादी में मुसलमानों का भी बराबर योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि यदि मीरापुर की जनता उन्हें अपना आशीर्वाद देती है तो वह मुसलमानों के हक और अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि आजाद समाज पार्टी मुसलमानों, पिछड़ों और दलितों को साथ लेकर चलने की बात करती है। यदि ये सभी वर्ग एकजुट होकर सहयोग करें तो राजनीतिक रूप से अपनी भागीदारी मजबूत कर सकते हैं। समारोह में डॉ. नदीम अहमद, इस्तेखार, यूनुस, जीशान सिबली, जबर,हुमायूँ सिद्दीकी, शाहिद प्रधान, मियां मत्रू, फखरुद्दीन कसौली, नावेद तिस्सा और मुस्तफा सहित अनेक लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।
Comments