दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति समेत सात लोगों पर मुकदमा

आठ माह की गर्भवती विवाहिता से मारपीट का आरोप

Published On

कैराना। Kairana News: दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को कथित रूप से प्रताड़ित करने और उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। कैराना के मोहल्ला दरबार कलां निवासी महक की शादी करीब छह वर्ष पूर्व मेरठ जिले के सरधना कस्बे के मोहल्ला इस्लामाबाद कमेला निवासी महताब के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग दहेज में दो लाख रुपये नकद और एक कार की मांग को लेकर उसे लगातार परेशान करते थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया जाता था। करीब सात माह पूर्व ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट करके उसे घर से निकाल दिया था।

 

इसके बाद से वह अपने मायके में रह रही है। विवाहिता का एक बच्चा है और वर्तमान में वह आठ माह की गर्भवती भी है। आरोप है कि बीती 5 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे उसका पति महताब, सास वकीला, जेठ शाहनजर व सरफराज, जेठानी नगमा व बीबी तथा ननद सलमा गाड़ी में सवार होकर उसके मायके पहुंचे। वहां भी आरोपियों ने दहेज में दो लाख रुपये और कार की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से विवाहिता के साथ मारपीट की तथा उसे तीन तलाक देने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता ने कैराना पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति महताब समेत सात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts