Raid: मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई, हिसार-सोनीपत में सीएम फ्लाइंग के छापे
सोनीपत में फैक्ट्री से गंदगी मिलने पर पनीर कराया नष्ट
चंडीगढ़/हिसार/सोनीपत, सच कहूँ न्यूज। Chandigarh News: दीपावली पर मिलावटखोरी रोकने के लिए सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीमों ने हिसार और सोनीपत में मिठाई, पनीर और खाद्य तेल कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। हिसार में बिना लाइसेंस चल रहे मिठाई प्लांट में 4245 किलो मिठाइयां मिलीं, जबकि सोनीपत की पनीर फैक्ट्री में गंदगी और खराब व्यवस्था मिलने पर 180 किलो पनीर नष्ट करवाया गया। दोनों जिलों में विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले मिल गेट स्थित संकट मोचन मिठाई एवं पनीर प्लांट पर छापा मारा। संचालक दीपक मिठाई निर्माण का लाइसेंस नहीं दिखा पाया। जांच में प्लांट से 3330 किलो रसगुल्ले, 900 किलो चमचम और 15 किलो गुलाब जामुन मिले। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने तीनों मिठाइयों के नमूने लिए। इसके बाद गोपाल दूध डेयरी की जांच की गई। यहां संचालक के पास लाइसेंस मिला और करीब 300 किलो रसगुल्ले रखे पाए गए। इनके भी नमूने लिए गए।
पाम ऑयल और वनस्पति के नमूने भी लिए
टीम ने बड़वाली ढाणी स्थित लावण्या ट्रेडिंग कंपनी में भी जांच की। यहां 361 टिन पाम आॅयल (5415 किलो), 26 टिन वनस्पति (390 किलो) और सोरबिटोल के 36 ड्रम (10800 किलो) मिले। कंपनी संचालक तरुणा लोहिया ने लाइसेंस प्रस्तुत किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने इन खाद्य सामग्रियों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।
सोनीपत में गंदगी के बीच तैयार हो रहा था पनीर
उधर, सोनीपत के देवड़ू रोड स्थित शिव कॉलोनी में अध्या एंटरप्राइजेज नामक पनीर फैक्ट्री पर छापा मारा गया। करीब 500 गज के प्लॉट में चल रही इस यूनिट से 180 किलो पनीर और लगभग 5 हजार लीटर दूध मिला। दूध की टंकियों में मक्खियां बैठी थीं और साफ-सफाई की व्यवस्था भी खराब थी। टीम ने 180 किलो पनीर नष्ट करवा दिया तथा दूध और पनीर के चार नमूने जांच के लिए भेजे।
जांच में एक्सपायरी तारीख का पाम ऑयल भी मिला। संचालक फैक्ट्री चलाने की जरूरी मान्यता और प्रदूषण नियंत्रण विभाग का प्रमाण पत्र नहीं दिखा पाया। फैक्ट्री नाले के पास चल रही थी, जिस पर प्रदूषण विभाग के अधिकारियों ने भी जांच की। अधिकारियों के अनुसार, पनीर की वास्तविक गुणवत्ता की पुष्टि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद होगी।
Comments