वोट चोरी के खिलाफ दिल्ली जा रहे कांग्रेस-सपा नेताओं पर पुलिस का शिकंजा, दर्जनों नेता हाउस अरेस्ट

वोट चोरी के खिलाफ दिल्ली जा रहे कांग्रेस-सपा नेताओं पर पुलिस का शिकंजा, दर्जनों नेता हाउस अरेस्ट

Published On

मीरापुर, सच कहूँ/कोमल प्रजापति। Mirapur News: दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित वोट चोरी के मुद्दे पर प्रस्तावित रैली में शामिल होने जा रहे मीरापुर क्षेत्र के कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के दर्जनों नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पुलिस प्रशासन ने हाउस अरेस्ट कर लिया। रैली में वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर आवाज उठाई जानी थी। पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए गए नेताओं में समाजवादी पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष सादिक चौहान, समाजवादी पार्टी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजीम जैदी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंडित कीर्ति भूषण शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष नावेद खान और मास्टर इशाकी सहित मीरापुर क्षेत्र के दर्जनों कांग्रेस एवं सपा नेता शामिल हैं।

बताया गया कि सभी नेता और कार्यकर्ता दिल्ली में आयोजित रैली में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें दिल्ली जाने से पहले ही रोक दिया और हाउस अरेस्ट कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए अजीम जैदी ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। विपक्षी नेताओं को अपनी बात रखने से रोकना खुली गुंडागर्दी है। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 19 के तहत प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण सभा करने का अधिकार प्राप्त है। वहीं अनुच्छेद 21 व्यक्तिगत स्वतंत्रता की सुरक्षा करता है।

सादिक चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना और जनता की आवाज उठाना उनका संवैधानिक अधिकार है। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले नेताओं को हाउस अरेस्ट करना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस कार्रवाई को लेकर मीरापुर क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से हाउस अरेस्ट की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts