शिक्षा और रोजगार
नेक्स्ट जेनरेशन अर्थ थीम पर श्योराण इंटरनेशल स्कूल में दिखेगा बच्चों का हुनर
श्योराण इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिकोत्सव में भविष्य की चुनौतियों से रूबरू कराएंगे विद्यार्थी
ग्रेटर नोएडा, सच कहूँ न्यूज़। Greater Noida News: श्योराण इंटरनेशनल स्कूल का वार्षिकोत्सव इस बार खास थीम ‘नेक्स्ट जेनरेशन अर्थ’ पर आधारित होगा। 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में विद्यार्थी अपनी रचनात्मकता और तकनीकी हुनर के जरिए पर्यावरण संरक्षण, जल बचाव, कचरा प्रबंधन और आधुनिक तकनीक के महत्व को प्रदर्शित करेंगे। विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए जाने वाले मॉडल न केवल उनके हुनर को सामने लाएंगे, बल्कि पृथ्वी को सुरक्षित और स्वच्छ बनाने का संदेश भी देंगे।
स्कूल के चेयरमैन उदयवीर सिंह ने बताया कि इस बार वार्षिक प्रदर्शनी की थीम को विशेष रूप दिया गया है। ‘नेक्स्ट जेनरेशन अर्थ’ के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों और उनके समाधान के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रदर्शनी में वेस्ट मैनेजमेंट, पानी की बचत और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए जाएंगे। इसका उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक सोच विकसित करने के साथ उन्हें प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाना है।
तकनीक के सही इस्तेमाल से रूबरू होंगे विद्यार्थी
स्कूल की मैनेजिंग डायरेक्टर मेघना सिंह ने कहा कि आज के दौर में बच्चों को आधुनिक तकनीक के सही इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। प्रदर्शनी में विद्यार्थी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और तकनीक के सकारात्मक उपयोग को दर्शाने वाले मॉडल प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने आसपास और दुनिया में हो रहे बदलावों की जानकारी होनी चाहिए, ताकि वे भविष्य की जरूरतों को समझ सकें। प्रदर्शनी में रीयूज और रीसाइक्लिंग के माध्यम से संसाधनों के बेहतर उपयोग का संदेश भी दिया जाएगा।
एआई और रोबोटिक्स की भी दिखेगी झलक
स्कूल की प्रिंसिपल शक्ति ने बताया कि वार्षिकोत्सव को आकर्षक बनाने के साथ-साथ जागरूकता से जोड़ने का प्रयास किया गया है। कार्यक्रम में पृथ्वी को सुंदर, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के उपायों को मॉडल के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा एआई और रोबोटिक्स से जुड़ी गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को नई तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नए विचारों के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
कबाड़ से जुगाड़ के जरिए देंगे पर्यावरण संरक्षण का संदेश
स्कूल के सीओओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि ‘नेक्स्ट जेनरेशन अर्थ’ कार्यक्रम में विद्यार्थी पृथ्वी और पर्यावरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर मॉडल तैयार करेंगे। इनमें कबाड़ से उपयोगी वस्तुएं बनाने की अवधारणा यानी ‘कबाड़ से जुगाड़’ विशेष आकर्षण रहेगी। इसके माध्यम से बच्चों को बताया जाएगा कि अनुपयोगी समझी जाने वाली वस्तुओं का दोबारा इस्तेमाल करके कचरे की समस्या को कम किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ओर से तैयार किए जाने वाले मॉडल यह संदेश देंगे कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। कार्यक्रम के जरिए बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
31 अक्टूबर को स्कूल परिसर में होगा आयोजन
श्योराण इंटरनेशनल स्कूल परिसर में 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा, नवाचार और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संगम होगा। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थी यह दिखाएंगे कि सही सोच, आधुनिक तकनीक और संसाधनों के बेहतर उपयोग से भविष्य की पृथ्वी को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर बनाया जा सकता है।
Comments