Jaipur Plog Run: केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान संस्थान का फिट इंडिया फ्रीडम रन 7.0 का आयोजन
जयपुर में प्लॉग रन से दिया फिटनेस और स्वच्छता का संदेश
Fit India Freedom Run 7.0: जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से फिट इंडिया फ्रीडम रन 7.0 के तहत जयपुर में प्लॉग रन का आयोजन किया गया। केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान संस्थान, जयपुर की ओर से जल महल के नजदीक आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने दौड़ और पैदल चलने के साथ स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. निधि महाजन, प्रभारी अधिकारी एवं अनुसंधान अधिकारी (होम्योपैथी), वैज्ञानिक-द्वितीय तथा डॉ. उत्तम सिंह, नोडल अधिकारी एवं अनुसंधान अधिकारी (होम्योपैथी), वैज्ञानिक-द्वितीय के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन में राष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज ओम प्रकाश चौधरी, बियानी मेडिकल होम्योपैथिक कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर शर्मा, भूतपूर्व प्रयोगशाला तकनीशियन आर. के. सक्सेना और स्वास्थ्य कल्याण मेडिकल कॉलेज के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की सहायक आचार्य डॉ. ऋचा शर्मा ने अतिथि के रूप में भाग लिया।

दौड़ के साथ किया सार्वजनिक स्थल की सफाई
प्लॉग रन के दौरान प्रतिभागियों ने करीब 3 किलोमीटर का सफर तय किया। इस दौरान उन्होंने दौड़ने और पैदल चलने के साथ रास्ते में बिखरे कचरे को भी एकत्र किया। इस पहल के माध्यम से लोगों को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल फिटनेस गतिविधि तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पर्यावरण के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी को भी रेखांकित करना था। प्रतिभागियों ने स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को समझते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। फिट इंडिया अभियान के संदेश ‘फिटनेस की डोज़, आधा घंटा रोज़’ के अनुरूप लोगों को नियमित व्यायाम करने, सक्रिय दिनचर्या अपनाने और स्वच्छता को दैनिक जीवन में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
डॉ. निधि महाजन और डॉ. उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि के जरिए संस्थान ने स्वस्थ समाज और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम ने यह भी रेखांकित किया कि शारीरिक फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं।
Comments