RailOne Ticket Screenshot: रेलवन ऐप के टिकट का स्क्रीनशॉट मान्य नहीं, लाइव टिकट दिखाना जरूरी

टिकट जांच के दौरान मूल मोबाइल पर खोलना होगा ऐप

Published On

RailOne App Ticket Rules: जोधपुर (सच कहूँ न्यूज़)। रेलवन ऐप से अनारक्षित टिकट बुक करने वाले यात्रियों को टिकट जांच के समय अपने मोबाइल में ऐप खोलकर टिकट दिखाना होगा। टिकट का स्क्रीनशॉट,फोटो,पीडीएफ या व्हाट्सऐप पर मिली प्रति मान्य नहीं होगी। रेलवे ने यात्रियों से सफर शुरू करने से पहले टिकट बुक करने और जांच के समय मूल डिजिटल टिकट दिखाने की अपील की है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि कुछ यात्री अपने परिचितों से रेलवन ऐप के जरिए टिकट बुक करवाकर उसका स्क्रीनशॉट व्हाट्सऐप पर मंगवा लेते हैं। टिकट जांच के दौरान ऐसी प्रति मान्य नहीं होगी। यात्रियों को उसी मोबाइल फोन में रेलवन ऐप खोलकर टिकट दिखाना होगा, जिससे टिकट बुक किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को बिना टिकट यात्री मानकर जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन टिकट जांच अभियान के दौरान फर्जी टिकटों की पहचान पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए टिकट जांच स्टाफ को यूटीएस टिकटों के क्यूआर कोड की एचएचटी (हैंड हेल्ड टर्मिनल) मशीन से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे एआई की मदद से तैयार फर्जी टिकटों की पहचान करने और उनके इस्तेमाल पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

यात्रियों से अपील

सीनियर डीसीएम ने यात्रियों से कहा है कि वे यात्रा से पहले वैध टिकट बुक करें और जांच के समय रेलवन ऐप में टिकट दिखाएं। मोबाइल फोन पर्याप्त चार्ज रखें,ताकि जरूरत पड़ने पर टिकट दिखाने में परेशानी न हो। रेलवे नियमों का पालन करने से यात्री अनावश्यक परेशानी और जुर्माने से बच सकेंगे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts