CBSE National Cricket Championship: शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल सरसा की 4 खिलाड़ियों का नेशनल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
नॉर्दर्न नाइट्स की खिताबी जीत में चमकी खिलाड़ी
CBSE National Cricket Championship: सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। दिल्ली की सेंट्रल चार्जर्स को फाइनल में शिकस्त देकर नॉर्दर्न नाइट्स ने सीबीएसई नॉर्थ जोन अंडर-19 नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप 2026-27 का खिताब अपने नाम किया। इस खिताबी जीत में शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल सरसा की चार खिलाड़ियों ने नॉर्दर्न नाइट्स की ओर से खेलते हुए अहम भूमिका निभाई।
खासकर स्कूल की अनमोल ने फाइनल में महज 8 रन देकर 4 विकेट चटकाए और विपक्षी टीम की बल्लेबाजी को बड़ा झटका दिया। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इतना ही नहीं अनमोल का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। नॉर्दर्न नाइट्स की विजेता टीम में शामिल स्कूल की चारों खिलाड़ियों व प्रशिक्षक किरण सूथार का शनिवार को विद्यालय पहुंचने पर स्कूल प्रिंसीपल डा. शीला पूनियां इन्सां और स्टाफ सदस्यों ने फूलमालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया। प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं की रूहानी, कक्षा 11वीं की अनमोल व गगनदीप कौर और कक्षा 10वीं की योगिता शर्मा ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
चंडीगढ़ में लिया था प्री-नेशनल प्रशिक्षण: राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए खिलाड़ियों ने 8 से 14 अक्तूबर तक डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-8सी, चंडीगढ़ में आयोजित प्री-नेशनल प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया था। विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्या डॉ. शीला पूनिया, स्कूल प्रबंधन और स्टाफ सदस्यों ने चारों खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षक किरण सुथार का भी स्वागत किया। प्राचार्या ने खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी और अनमोल को एसजीएफआई राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर शुभकामनाएं दीं।
पूज्य गुरु जी को दिया जीत का श्रेय
खिलाड़ियों और प्राचार्या डॉ. शीला पूनिया ने इस उपलब्धि का श्रेय पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को खेल की बारीकियों, अनुशासन और नियमित अभ्यास के लिए समय-समय पर पूज्य गुरु जी का मार्गदर्शन मिलता रहता है। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करने की प्रेरणा मिलती है।

