Animal Fair News: मात्र 2 महीने 15 दिन के इस जीव ने जीते 21 हजार रुपए!
पहलादगढ़ की नन्हीं कटड़ी ने पूरे हरियाणा में मारी बाजी
भिवानी, (सच कहूँ/इन्द्रवेश)। झज्जर जिले के बेरी में आयोजित राज्य स्तरीय पशु मेले में गांव पहलादगढ़ की महज 2 महीने 15 दिन की कटड़ी ने पूरे हरियाणा में प्रथम स्थान हासिल कर गांव का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर पशुपालक पवन कुमार उर्फ मिंटू को 21 हजार रुपये नकद और पशु आहार देकर सम्मानित किया गया। मेले में प्रदेशभर से बेहतरीन नस्ल के पशुओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में पवन कुमार की कटड़ी ने अपनी शानदार शारीरिक बनावट और नस्ल के दम पर पहला स्थान प्राप्त किया। इस जीत से पशुपालक परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
गांव में बांटे लड्डू, दी बधाई
कटड़ी की इस उपलब्धि पर गांव की सरपंच ज्योति और सरपंच प्रतिनिधि अधिवक्ता संदीप पाटिल ने पवन कुमार को बधाई दी। उन्होंने ग्रामीणों के साथ लड्डू बांटकर खुशी मनाई। उन्होंने कहा कि यह पूरे गांव के लिए गर्व की बात है। पवन कुमार और उनके परिवार की मेहनत व पशुपालन के प्रति समर्पण ने पहलादगढ़ को प्रदेश स्तर पर पहचान दिलाई है। ऐसी उपलब्धियां युवाओं और अन्य पशुपालकों को उन्नत नस्ल के पशुओं की बेहतर देखभाल के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करने से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं। इस जीत पर पंच उषा देवी, विपिन, अनिल कुमार, चंद्रकांत सहित अनेक ग्रामीणों ने भी खुशी जताई और विजेता पशुपालक को शुभकामनाएं दीं।
