शिक्षा और रोजगार
Electricity Issue: बिजली की लाइन बनी मुसीबत, 15 दिन से निर्माण कार्य बंद
हादसे की आशंका, विद्युत निगम अधिकारियों पर सुनवाई नहीं करने का लगाया आरोप
Power Lines Problem: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। जंक्शन की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मकान के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के कारण नए मकान का निर्माण कार्य अधरझूल में लटक गया है। हादसे की आशंका के चलते मिस्त्रियों ने काम करने से मना कर दिया, जिसके कारण पिछले करीब 15 दिन से निर्माण कार्य बंद पड़ा है। गृहस्वामी ने जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों से विद्युत लाइन को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग की है।
गृहस्वामी रामकिशन ने बताया कि उसने करीब चार-पांच माह पहले अपनी पत्नी कमला देवी के नाम पर रजिस्ट्री करवाकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित मकान खरीदा था। अब पुराने मकान को तोड़कर नए सिरे से निर्माण करवाया जा रहा है। इसी दौरान निर्माण कार्य में लगे मिस्त्रियों ने मकान के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को हटवाने की मांग की। मिस्त्रियों का कहना है कि बिजली की तारों के नीचे काम करना जोखिम भरा है और इससे किसी भी मजदूर के साथ हादसा हो सकता है। सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने लाइन हटाए जाने तक काम करने से इनकार कर दिया। रामकिशन के अनुसार, इस समस्या को लेकर उसने ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करवाई है।
इसके अलावा विद्युत विभाग के सहायक अभियंता को दो बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक न तो किसी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया। इसके चलते मकान का निर्माण कार्य रुका हुआ है और उसे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गृहस्वामी ने बताया कि मकान के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के अलावा वहां काफी समय पहले लगाए गए विद्युत पोल भी जर्जर हालत में हैं। ऐसे में पोल टूटने या विद्युत लाइन से संबंधित किसी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने विद्युत निगम से मौके का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति देखने और विद्युत लाइन को मकान के ऊपर से हटाकर अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग की, ताकि सुरक्षित तरीके से निर्माण कार्य पूरा करवाया जा सके।

Comments