शिक्षा और रोजगार
Sri Ganganagar News: श्रीगंगानगर के स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों व लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने जमाया रंग
महाराजा गंगासिंह की प्रतिमा पर किए पुष्प अर्पित
Sri Ganganagar Foundation Day: श्रीगंगानगर, (सच कहूँ न्यूज़)। गंगानगर जिले का स्थापना दिवस-2026 हर्षाेल्लास से मनाया गया। स्थापना दिवस के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रमों के तहत सोमवार को प्रातः गंगासिंह चौक पर जिले के संस्थापक महाराजा श्री गंगासिंह को श्रद्धापूर्वक नमन कर पुष्पाजंलि दी गई। इसके बाद शिवपुर हैड पर हवन-यज्ञ कर पूजा-अर्चना की गई। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में धर्मगुरूओं ने जिले की खुशहाली के लिए प्रार्थना की जबकि पर्यटन विभाग की ओर से लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
इससे पूर्व गंगासिंह चौक पर महाराजा गंगासिंह की प्रतिमा पर गंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी, जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव, जिला परिषद सीईओ अभिषेक जैन, अराधना चौहान (आईएएस), नगर परिषद सभापति अजय दावडा, राजेश रानी, प्रीति गर्ग, पवन शर्मा, मंगत सेतिया सहित अन्य द्वारा पुष्प अर्पित किए गये। लोक कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां दी गईं। इसके पश्चात साईकिलस्ट दल की अगुवाई करते हुए जिला कलक्टर सहित अन्य साईकिल चलाकर शिवपुर हैड पहुंचे।
हवन, पूजा अर्चना व सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन
इसके पश्चात् शिवपुर हैड पर हवन, पूजा अर्चना व सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया गया। जिला परिषद सीईओ अभिषेक जैन, नगर परिषद सभापति अजय दावडा ने हवन व पूजा-अर्चना की। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में पंडित कृष्ण कुमार तिवाड़ी ने विधि विधान से हवन व पूजा अर्चना करवाई। कृष्ण कुमार तिवाड़ी, अमरचंद बोरड, जसवीर सिंह, फादर वर्गीस, मुफ्ती आसिफ इसामति ने जिले की खुशहाली की कामना करते हुए सर्वधर्म प्रार्थना की।
इस मौके पर विधायक जयदीप बिहाणी, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन सुभाष कुमार, संजीव वर्मा, अरविन्दर सिंह, अराधना चौहान, अमिता बिश्नोई, हर्षिता मिढ्ढा, यशिका चौधरी, नरेश मीणा, मोहनलाल अरोड़ा, हरजिन्दर सिंह बराड़, पर्यटन विभाग के पवन शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार गौड़ मुकेश गोदारा, सारिका चौधरी, लीला चेरीटेबल ट्रस्ट की ओर से प्रेम चौधरी सहित समस्त अधिकारी- कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। सभी ने महाराजा गंगासिंह को नमन करते हुए हवन में पूर्णाहुति दी। पूजा-अर्चना के पश्चात अतिथियों ने शिवपुर हैड स्थित गंगनहर में श्रीफल और पुष्प प्रवाहित किए। महाराजा गंगासिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के पश्चात अतिथियों ने पौधारोपण भी किया।


लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों को सराहा
स्थापना दिवस कार्यक्रम में पर्यटन विभाग की ओर से लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लोकगीतों की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। आवो नी पधारो म्हारे देश से शुरूआत करते हुए लोक कलाकारों ने मोर बन आयो रसिया, सतरंगी राजस्थान सहित एक से बढकर एक लोकगीतों और लोक नृत्य की प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। मौके पर अतिथियों और उपस्थितजनों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की। राजस्थानी वेशभूषा में सजे-धजे कलाकारों ने भी अतिथियों और ग्रामीणों का मनोरंजन किया।
शिवपुर हैड पर आयोजित कार्यक्रम में जिला अग्रणी बैंक और आरएसईटीआई द्वारा एक मेला वित्तीय साक्षरता के नाम आयोजित स्टॉल में जिला कलक्टर सहित अन्य अधिकारियों द्वारा सेल्फी भी खिंचवाई। इस मौके पर एलडीएम मुकेश जांगड़ा ने गामीणों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई।




Comments