Madan Rathore Statement: पंचायती राज चुनाव के पहले चरण पर मदन राठौड़ ने ठोका बड़ा दावा
पंचायती राज चुनावों में भाजपा के पक्ष में दिखा उत्साह: मदन राठौड़
Rajasthan Panchayati Raj Elections: जयपुर (सच कहूँ न्यूज)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पंचायती राज चुनावों के प्रथम चरण में शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रदेश के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए उत्साहपूर्वक मतदान किया है। राठौड़ ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रथम चरण में जनता ने भारतीय जनता पार्टी को भरपूर आशीर्वाद दिया है। राठौड़ ने कहा कि संभाग प्रभारियों और जिला प्रभारियों से प्राप्त फीडबैक के अनुसार मतदाताओं में भाजपा के प्रति उत्साह का माहौल है। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर पूरी सक्रियता के साथ मोर्चा संभाला और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाया है।
मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र में कार्य करते हुए 65603 करोड़ रुपए किसानों के बिजली बिलों में अनुदान दिया। 2.38 लाख से अधिक कृषि विद्युत कनेक्शन जारी किए गए। किसानों के लिए भजनलाल सरकार ने प्रदेश के 26 जिलों में दिन में बिजली की व्यवस्था की है। 3.45 लाख किसानों को कुसुम योजना के माध्यम से निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ प्राप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत 5017 मेगावाट क्षमता की 2279 सौर परियोजनाएं स्थापित की गईं। सरकार ने 67408 सोलर पंपों पर 1134 करोड़ का अनुदान दिया। 3.09 लाख रूफटॉप सोलर संयंत्रों के माध्यम से 1206 मेगावाट क्षमता विकसित की गई। प्रदेश में 53.89 लाख स्मार्ट मीटर लगाए गए।
राठौड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रामीण एवं अन्य सड़क परियोजनाओं के माध्यम से गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया है। 12007 करोड़ की लागत से 23637 किलोमीटर ग्रामीण सड़कें विकसित की गईं। 1760 गांवों को डामर सड़कों से जोड़ा गया। 4477 करोड़ की लागत से 9991 किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों का विकास किया गया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 3616 किलोमीटर सड़कों का उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण किया गया। 2372 करोड़ की लागत से 8575 किलोमीटर मिसिंग लिंक एवं नॉन-पेचेबल सड़क कार्य हुए।