Teachers Protest: खारियां स्कूल में पूर्व छात्र का तांडव, टीचर की कार का शीशा तोड़ा; क्लास में घुसकर हमले की कोशिश

शिक्षकों का अल्टीमेटम, जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं, तब तक जारी रहेगा विरोध प्रदर्शन

Published On

Former Student Ruckus: सरसा, (सच कहूँ न्यूज)। रानियां क्षेत्र के गांव खारियां स्थित पीएमश्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वीरवार को एक पूर्व छात्र ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि छात्र ने पहले स्कूल परिसर में खड़ी शिक्षक की गाड़ी के शीशे तोड़े और फिर सीधे क्लासरूम में घुसकर टीचर पर हमला करने का प्रयास किया। वारदात के बाद स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश फैल गया। नाराज शिक्षकों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरना शुरू कर दिया है।

खाई शेरगढ़ निवासी शिक्षक रणवीर सिंह के मुताबिक आरोपी पूर्व छात्र अचानक स्कूल पहुंचा। उसने पहले परिसर में खड़ी उनकी गाड़ी के शीशे फोड़ दिए। इसके बाद वह सीधे कक्षा में घुसा और उन पर हमला करने की कोशिश की। रणवीर सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी जान बचाई। डायल 112 पर कॉल करने पर जब तक पुलिस पहुंची, आरोपी फरार हो चुका था। गांव के सरपंच प्रतिनिधि एवं नंबरदार तेग बहादुर ने बताया कि आरोपी छात्र 2 साल पहले इसी स्कूल में पढ़ता था। लगातार शिकायतों के कारण स्कूल प्रशासन ने उसे निष्कासित कर दिया था।

इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। शिक्षकों का कहना है कि पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। सरपंच प्रतिनिधि का भी आरोप है कि वह इस मामले में कई बार थाने जा चुके हैं, लेकिन ढिलाई के कारण ग्रामीणों में गुस्सा है। इसी के विरोध में स्कूल के गेट पर ताला जड़कर धरना शुरू कर दिया गया है।

रानियां थाना प्रभारी रामकुमार ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। शुरूआती जांच में सामने आया है कि आरोपी नाबालिग है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Related Posts