टूटी पटरी पर पहुंची वंदे भारत , कीमैन की लाल झंडी से रुकी ट्रेन

मक्खनपुर-शिकोहाबाद के बीच डाउन ट्रैक पर फ्रैक्चर, तीन ट्रेनें प्रभावित

Published On

फिरोजाबाद। दिल्ली-हावड़ा रेलखंड पर मक्खनपुर और शिकोहाबाद जंक्शन के बीच शुक्रवार सुबह डाउन ट्रैक पर रेल फ्रैक्चर होने से रेल संचालन प्रभावित हो गया। आगरा कैंट से बनारस जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (20176) टूटी पटरी के ऊपर पहुंच गई। समय रहते फ्रैक्चर देखने वाले कीमैन ने लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रुकवा दिया। बताया जा रहा है कि तब तक ट्रेन का करीब आधा हिस्सा फ्रैक्चर वाले स्थान को पार कर चुका था। कीमैन की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। रेलवे के अनुसार नीमखेरिया से आगे किलोमीटर संख्या 1215/16 - 14 के पास डाउन ट्रैक पर पटरी टूटने की सूचना शुक्रवार सुबह 7:09 बजे कीमैन ने दी। इसके बाद रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ट्रैक की मरम्मत शुरू की। करीब आधे घंटे से अधिक समय तक रेल संचालन प्रभावित रहा। पटरी दुरुस्त होने के बाद ट्रेनों को निकालने के लिए डाउन लाइन पर परिचालन सुचारु किया गया।

रेल फ्रैक्चर के चलते तीन सवारी ट्रेनें प्रभावित हुईं। इनमें वंदे भारत एक्सप्रेस (20176), आगरा-लखनऊ इंटरसिटी (12180) और टूंडला-कानपुर मेमू (64588) शामिल हैं। मरम्मत पूरी होने के बाद पौने 8 बजे रेल यातायात बहाल कर दिया गया। साथ ही अन्य मरम्मत का काम किया गया। 

About The Author

Related Posts