शहीदनगर में निर्माणाधीन इमारत का लिंटर गिरा, 11 लोग मलबे से सुरक्षित निकाले

शहीदनगर में निर्माणाधीन इमारत का लिंटर गिरा, 11 लोग मलबे से सुरक्षित निकाले

Published On

गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह )।  साहिबाबाद के शहीदनगर मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम एक निर्माणाधीन भवन का लिंटर गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही फायर सर्विस, पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंच गए। संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे में दबे 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद मलबे की सघन तलाशी ली गई। अधिकारियों के मुताबिक, सर्च ऑपरेशन में कोई अन्य व्यक्ति मलबे में दबा नहीं मिला और घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फायर सर्विस के अनुसार, सोमवार 12 अक्टूबर को शाम 6:38 बजे साहिबाबाद फायर स्टेशन के कंट्रोल रूम को निर्माणाधीन भवन का लिंटर गिरने और लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी फायर टेंडर और रेस्क्यू यूनिट के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी को सूचना देकर अतिरिक्त संसाधन के रूप में डिजास्टर वैन भी मंगाई गई।

हाइड्रा मशीन की मदद से निकाले गए लोग

मौके पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने स्थानीय लोगों और नागरिक पुलिस के सहयोग से तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू उपकरणों और हाइड्रा मशीन की सहायता से मलबा हटाकर उसमें दबे लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। बचाए गए लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस और अन्य उपलब्ध वाहनों से चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। रेस्क्यू ऑपरेशन को प्रभावी बनाने के लिए मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद, अग्निशमन अधिकारी कोतवाली और फायर स्टेशन वैशाली की रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची। बाद में मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौतमबुद्धनगर भी रेस्क्यू यूनिट के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया।

इन 11 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

फायर सर्विस के अनुसार, मलबे से सुरक्षित निकाले गए लोगों में रामू (36), विक्की (36), महैपूजा खातून (26), नगमा, मुजाहिद (33), वीरपाल (25), तौफीक (25), भोले (19), जितेंद्र, श्रीराम (39) और रोशन शर्मा (35) शामिल हैं। ये लोग दिल्ली के विभिन्न इलाकों के अलावा फर्रुखाबाद, पूर्णिया, संभल, पन्ना और कन्नौज सहित अलग-अलग स्थानों के निवासी बताए गए हैं।

जेसीबी से हटाया मलबा, देर तक चला सर्च ऑपरेशन

सभी 11 लोगों को बाहर निकालने के बाद भी बचाव दल ने तलाशी अभियान जारी रखा। शुरुआत में रेस्क्यू कर्मियों ने मैनपावर के जरिए मलबे की बारीकी से जांच की। इसके बाद जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर गहन तलाशी ली गई। अधिकारियों के मुताबिक, पूरे सर्च ऑपरेशन के दौरान कोई अन्य व्यक्ति मलबे में दबा नहीं मिला। रेस्क्यू और तलाशी अभियान पूरा होने के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों को सुरक्षा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बाद फायर सर्विस और अन्य बचाव दल अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

About The Author

Related Posts