'गिले-शिकवे मिटाकर दिलों में मिठास घोल रहा महिला थाना'

प्रभारी ललिता सिंह के नेतृत्व में दम्पत्तियों के आपसी विवादों के निपटारे की कवायद में तन्मयता से जुटा है थाने का समूचा स्टाफ

Published On

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: कैराना का परामर्श केंद्र एवं महिला थाना गलत फहमियों की वजह से दम्पतियों की बीच पैदा हुए मन-मुटाव को दूर करके दिलों में मिठास घोलने का काम कर रहा है। प्रभारी ललिता सिंह के नेतृत्व में थाने का समूचा स्टाफ परिवारों में मध्यस्थता कराकर घरेलू विवादों को निपटारे की शानदार नजीर पेश कर रहा है। थाने की टीम ने पिछले 17 महीनों में करीब 700 विवादों का निपटारा कराया है।

परामर्श केंद्र एवं महिला थाना कैराना सर्किल के परिवारों के लिए वरदान साबित हो रहा है। महिला अपराधों से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के मद्देनजर शासन ने वर्ष-2022 में कैराना कोतवाली परिसर में स्थित महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी को महिला थाने में परिवर्तित कर दिया था। शासन की मंशा के अनुरूप, महिला थाने में पहुंचने वाले घरेलू विवादों को स्टाफ द्वारा संजीदगी के साथ में निस्तारित किया जा रहा है। वर्तमान में महिला दारोगा ललिता सिंह विगत 21 जून 2025 से प्रभारी के तौर पर थाने की कमान संभाले हुई है। ललिता सिंह के नेतृत्व में थाने का समूचा स्टाफ मध्यस्थता कराकर पारिवारिक कलहों का निपटारा करा रहा है। कैराना के अलावा झिंझाना तथा कांधला थाने का क्षेत्र भी महिला थाने के अंतर्गत आता है।

ललिता सिंह के नेतृत्व में थाने की टीम विगत करीब 17 माह में लगभग 700 दम्पत्तियों के बीच विवादों का निस्तारण करा चुकी है। इनमें से कई ऐसे परिवार थे, जो आपसी कलह की वजह से उजड़ने की कगार पर पहुंच चुके थे। थाने के स्टाफ के सकारात्मक प्रयास से न केवल कोर्ट के ऊपर मुकदमों का बोझ कम हुआ है, बल्कि दम्पत्ति परिवारों का आर्थिक, सामाजिक व मानसिक नुकसान भी होने से बचा है। प्रभारी ललिता सिंह के अलावा, एसआई महीपाल सिरोही व महिला हेड कांस्टेबल पूनम मिश्रा, सरमिता, रिषा तथा कांस्टेबल अंजू रानी व हेड कांस्टेबल संदीप कुमार पूरी तन्मयता एवं समर्पण के साथ में अपने उत्तदायित्व का निर्वहन कर रहे है।

28 वर्षों से पुलिस विभाग में सेवा दे रही ललिता सिंह

महिला थाना प्रभारी ललिता सिंह की सेवा वर्ष-1998 में कांस्टेबल के तौर पर शुरू हुई थी। उनकी पहली पोस्टिंग जनपद मेरठ में हुई थी। वर्ष-2015 में पदोन्नत होकर वह एसआई बनी और 2017 में वन स्टॉप सेंटर मुजफ्फरनगर की कमान संभाली। ललिता सिंह जनपद हापुड़ के सिंभावली थानाक्षेत्र के गांव दतियाना की निवासी है। ललिता सिंह की किसी भी महिला थाना प्रभारी के रूप में यह पहली पोस्टिंग है, जिसे वह बखूबी अंजाम दे रही है। वह दम्पतियों के मध्य विवादों का निस्तारण कराकर अपने विभाग के उच्चाधिकारियों की अपेक्षाओं पर खरा उतर रही है। ललिता सिंह के व्यक्तित्व का धनी बिंदु यह है कि वह थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी से मधुर भाषा व विनम्रतापूर्वक व्यवहार करती है, जिससे पीड़ित को न्याय मिलने की उम्मीद काफी प्रबल हो जाती है। 

 

About The Author

Related Posts