शिक्षा और रोजगार
Rs 80000 Buffalo Subsidy: हरियाणा के गरीब परिवारों के लिए सैनी सरकार का बड़ा ऐलान! जानें पूरी योजना
15 हजार भैंसों पर ऋण देने का लक्ष्य, मुख्यमंत्री सैनी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
Haryana Buffalo Subsidy Yojana: चंडीगढ़, (सच कहूँ न्यूज़)। हरियाणा में अंत्योदय परिवारों की आमदनी बढ़ाने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पशुपालन को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 1.80 लाख रुपये सालाना आमदनी वाले अंत्योदय परिवारों के लिए रोजगार के नए साधन तैयार किए जाएंगे। भैंस खरीदने के लिए पशुपालन विभाग की ओर से 80 हजार रुपये तक की सब्सिडी और वीटा के माध्यम से 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मदद दी जाएगी। इसके अलावा दूध पर प्रति लीटर 10 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी, जिसका उपयोग ऋण की अदायगी में किया जाएगा। मुख्यमंत्री शुक्रवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने अधिकारियों को मौजूदा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और जरूरतमंद परिवारों के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अंत्योदय मेलों को विभागीय योजनाओं से जोड़कर अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने बैंकों से गरीब परिवारों को ऋण देने में संकोच न करने और अगले एक वर्ष में आयोजित होने वाले अंत्योदय मेलों का कैलेंडर तैयार करने को कहा।
15 हजार भैंसों पर ऋण उपलब्ध करवाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूध की बढ़ती मांग को देखते हुए अंत्योदय परिवारों को दूध उत्पादन से जोड़ना लाभदायक हो सकता है। वीटा इन भैंसों का दूध खरीदेगा और सरकार प्रति लीटर 10 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देगी। महिला स्वयं सहायता समूहों और अनुसूचित जाति के परिवारों को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। इनके ब्याज का भुगतान सरकार करेगी। मुख्यमंत्री ने पशुपालन विभाग को इस वर्ष कम से कम 15 हजार भैंसों पर ऋण उपलब्ध करवाने का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हर हित स्टोर, वीटा बूथ और मिल्क बार का विस्तार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अभी प्रदेश में 1,450 हर हित स्टोर चल रहे हैं। एक नवंबर तक 200 नए हर हित स्टोर तथा 300 नए वीटा बूथ, मिल्क बार और सांझा बाजार खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
दूसरे चरण में 11,687 ऋण आवेदनों को सैद्धांतिक मंजूरी
बैठक में सेवा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी. अनुपमा ने बताया कि अंत्योदय परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 19 विभागों की 47 योजनाओं के माध्यम से सहायता दी जा रही है। वर्ष 2021 में शुरू हुए पहले चरण में 1.35 लाख परिवारों के ऋण स्वीकृत हुए थे। योजना के दूसरे चरण की शुरूआत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 11 दिसंबर 2025 को की थी। इसके तहत सभी जिलों में एक-एक जिला स्तरीय अंत्योदय मेला आयोजित किया जा चुका है। इनमें 67,096 परिवारों को आमंत्रित किया गया, 20,103 परिवारों को परामर्श दिया गया और 15,159 ऋण आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 11 हजार 687 आवेदनों को सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई है।