Sangaria News: तीन साल बाद बहन से मिला बिछड़ा भाई
1100 किलोमीटर का सफर तय कर सेवादारों ने लौटाई परिवार की खुशियां, आगरा पहुंचकर बहन के सुपुर्द किया भाई, मिलन देख हर किसी की आंखें हुईं नम
Insaniyat Campaign: संगरिया, (सुरेन्द्र जग्गा)। तीन साल से अपने भाई की राह देख रही बहन का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। जब भाई बालकिशन अचानक उसके सामने पहुंचा तो बहन की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। यह भावुक मिलन संगरिया के डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों की मेहनत और इंसानियत की मिसाल बन गया।
उन्होंने करीब 1100 किलोमीटर का सफर तय कर बिछड़े भाई को उसके परिवार से मिला दिया। आगरा निवासी करीब 50 वर्षीय बालकिशन मानसिक परेशानी के चलते तीन साल पहले घर से लापता हो गया था। 9 अगस्त 2026 को वह संगरिया के हनुमानगढ़ रोड पर बदहाल हालत में घूमता मिला। सेवादार सुरेश प्रजापत इन्सां उसे मानवता भलाई केंद्र लेकर आए। वहां उसे खाना-पानी दिया गया, नहलाया गया और साफ कपड़े पहनाए गए। पुलिस को भी सूचना दी गई। इसके बाद सेवादारों ने उसकी पहचान और परिवार का पता लगाने के प्रयास शुरू किए। सामाजिक माध्यमों पर जानकारी साझा करने और सच्चे नम्र सेवादार रामफल इन्सां की मेहनत से उसकी बहन कन्या देवी से संपर्क हो गया।
परिजनों ने बताया कि बालकिशन के लापता होने के बाद उन्होंने उसे काफी तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जब उन्हें उसके सुरक्षित मिलने की खबर मिली तो परिवार में खुशी छा गई। परिजन संगरिया नहीं पहुंच सके तो सेवादारों ने खुद उसे आगरा पहुंचाने का फैसला किया। लालचंद इन्सां, गुरचरण खोसा इन्सां, रॉकी गर्ग इन्सां, संदीप बाघला इन्सां, सुरेन्द्र जग्गा इन्सां और नवेंद्र इन्सां उसे लेकर आगरा रवाना हुए।
आगरा के गुलाब नगर में बालकिशन को उसकी बहन कन्या देवी और भांजे अतुल के सुपुर्द किया गया। तीन साल बाद भाई को सामने देखकर बहन ने उसे गले लगा लिया और रो पड़ी। परिवार ने डेरा सच्चा सौदा के पूज्य गुरू संत डॉ गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां व उनके सभी सेवादारों का आभार जताया। सेवादारों के इस प्रयास ने साबित कर दिया कि सच्ची इंसानियत वही है, जब हम किसी अनजान को अपना समझकर उसके परिवार से मिलाने का प्रयास करते हैं।
Comments