Plantation Drive: भिवानी के हर्ष नेहरा ने अपनी कक्षा के सभी बच्चों को उपहार में दिया एक-एक पौधा
जन्मदिन को बनाया हरियाली का उत्सव, 8वें जन्मदिन पर बांटे पौधे, रोपे 51 पौधे
भिवानी, 18 नवंबर (सच कहूँ/राजीव सपरा)। जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए लोग अक्सर मंहगे केक काटकर और उपहार बांटकर खुशियां मनाते हैं, लेकिन पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पर्यावरण प्रहरी लोकराम नेहरा के भतीजे हर्ष नेहरा ने अपने 8वें जन्मदिन को हरियाली के उत्सव के रूप में मनाया। इस अवसर पर बुधवार को गांव सिंघानी स्थित एक प्ले स्कूल में कक्षा के सभी बच्चों को एक-एक पौधा उपहार स्वरूप भेंट किया गया।
वहीं, बाबा श्याम बगीची झुम्पा कलां में परिवारजनों एवं सहयोगियों के साथ मिलकर 51 पौधों का रोपण किया गया। पौधरोपण अभियान के दौरान चीकू, मौसमी, मालटा, संतरा, जामुन, अशोक, बरगद, पीपल और नीम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर पर्यावरण प्रहरी लोकराम नेहरा ने कहा कि जन्मदिन पर पौधे लगाना और बच्चों को पौधे उपहार में देना एक ऐसी पहल है, जिससे खुशियों के साथ-साथ प्रकृति को भी कुछ लौटाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि हर्ष नेहरा बचपन से ही पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में उनके साथ भागीदारी कर रहा है। अब तक हर्ष उनके साथ मिलकर एक हजार से अधिक पौधे लगा चुका है और निरंतर इस अभियान में सक्रिय है। नेहरा ने कहा कि बच्चों में बचपन से ही प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना बेहद जरूरी है। यदि प्रत्येक परिवार अपने बच्चों के जन्मदिन या अन्य खुशी के अवसरों पर पौधे लगाने की परंपरा अपनाए तो समाज में पर्यावरण संरक्षण की एक सकारात्मक संस्कृति विकसित हो सकती है। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर रामसिंह नेहरा, लोकराम नेहरा, सहायक उप निरीक्षक कांता रानी, पूजा रानी, मास्टर संदीप नेहरा, आदित्य नेहरा, अदिति नेहरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Comments