Arogya Kendra: मुख्यमंत्री ने किया आरोग्य केंद्र का उद्घाटन, 21 लाख देने की घोषणा
सीएम सैनी बोले- हरियाणा में योग्यता के आधार पर युवाओं को मिल रही नौकरियां
चंडीगढ़, सच कहूँ न्यूज। Chandigarh News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को पठानकोट के छतवाल में भारत विकास परिषद उत्तर क्षेत्र-1 के क्षेत्रीय कार्यालय एवं आरोग्य केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने परिषद के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए संस्था को 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विकास परिषद मानव सेवा और राष्ट्रीयता की भावना का सशक्त उदाहरण है। संस्था सेवा को दान नहीं, बल्कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक दायित्व मानकर जरूरतमंदों की सहायता कर रही है। उन्होंने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और सेवा, संस्कार तथा समर्पण की भावना समाज में एकता और राष्ट्र में मजबूती लाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि नया क्षेत्रीय कार्यालय उत्तर भारत में सेवा, संपर्क और सहयोग का प्रमुख केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा की विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। उन्होंने किसानों की फसलों की एमएसपी पर खरीद, गन्ने के बढ़ाए गए भाव, सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क डायलिसिस तथा आयुष्मान भारत और चिरायु योजनाओं का भी जिक्र किया। महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने पंजाब की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए नशे, अपराध और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए तथा राज्य को दोबारा खुशहाल और प्रगतिशील बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
हरियाणा की प्रमुख उपलब्धियां गिनाई
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि हरियाणा में पिछले 12 वर्षों में करीब दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। वर्ष 2026-27 के लिए गन्ने का भाव 430 रुपये और 2027-28 के लिए 450 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। वहीं, मिशन बुनियाद का विस्तार 104 से बढ़ाकर 125 सरकारी स्कूलों तक करने का लक्ष्य रखा गया है।
Comments