हांसी में हुई कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने सुनीं शिकायतें
7 शिकायतों का मौके पर निपटारा, जमीन विवाद की जांच के लिए एडीसी की अध्यक्षता में कमेटी गठित
हांसी, सच कहूँ/मुकेश। Hansi News: राजकीय महाविद्यालय के सभागार में शनिवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने लोगों की शिकायतें सुनीं। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित सात शिकायतों का मौके पर निपटारा किया गया, जबकि अन्य मामलों में अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रवीण कुमार की जमीन से जुड़े विवाद की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई।
बैठक में माजरा गांव के निवासियों की 100-100 वर्ग गज के प्लाट उपलब्ध करवाने की मांग पर शिक्षा मंत्री ने नारनौंद के बीडीपीओ को प्रक्रिया में आ रही बाधाएं दूर कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, राजकीय महाविद्यालय के सभागार की जर्जर छत का मुद्दा विधायक विनोद भयाना ने उठाया। इस पर शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को नई छत बनाने के लिए एस्टीमेट तैयार करवाकर भेजने के निर्देश दिए।
प्रवीण कुमार की जमीन से संबंधित शिकायत पर निष्पक्ष जांच के लिए गठित कमेटी में एडीसी, तहसीलदार, डीएसपी और परिवेदना समिति के सदस्य धर्मवीर रतेरिया व रामफल बूरा को शामिल किया गया है। कमेटी को सभी पहलुओं की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। 4 कुतुब गेट निवासी देवी की शिकायत पर शिक्षा मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई करने तथा विवादित मकान का निर्माण जांच पूरी होने और उचित समाधान होने तक बंद रखने के निर्देश दिए। मसूदपुर निवासी राजबाला की शिकायत पर संबंधित नायब तहसीलदार को दो माह में समाधान करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि शिकायतों का निपटारा केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। अधिकारी मौके पर जाकर स्थिति की जांच करें और संबंधित पक्षों से बातचीत कर स्थायी समाधान निकालें। उन्होंने कहा कि लोगों को एक ही समस्या के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ने चाहिए।
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल नरवाल, एसपी विनोद कुमार, एडीसी लक्षित सरीन, एसडीएम राजेश खोथ, एसडीएम विकास यादव, सीटीएम हिमांशु चौहान, डीएसपी विनोद शंकर भारद्वाज, डीएसपी दिनेश सांगवान, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, डीआरओ राजकुमार, सिविल सर्जन डॉ. राहुल बुद्धिराजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, नगर परिषद प्रधान प्रवीण इलाहाबादी सहित समिति के गैर सरकारी सदस्य और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
Comments