Faridabad Road Accident: कार ने बाइक को मारी टक्कर, पत्नी-बेटी की मौके पर मौत, पति घायल

त्योहार मनाकर गांव से फरीदाबाद लौट रहा था परिवार

Published On

फरीदाबाद, सच कहूँ/सागर दहिया। Faridabad Road Accident: दिल्ली-मुंबई-बड़ोदरा हाईवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार महिला और उसकी 18 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सेक्टर-2 के पास हुआ। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के सुरीर गांव निवासी राजपाल अपनी पत्नी और बेटी के साथ त्योहार मनाकर फरीदाबाद लौट रहे थे। सेक्टर-2 के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में राजपाल की पत्नी और बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। घायल राजपाल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अग्रसेन चौकी प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि बाइक पर तीन लोग सवार थे। शिकायत मिलने के बाद आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

घायल राजपाल ने बताया कि वह पत्नी और बेटी के साथ गांव से फरीदाबाद लौट रहा था। पीछे से अचानक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद उसे कुछ याद नहीं रहा। होश आने पर उसे पत्नी और बेटी की मौत की जानकारी मिली।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts