युवती की बरामदगी को ऊंचागांव में महापंचायत का ऐलान
ऊंचागांव युवती मामले में रविवार को होगी महापंचायत
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: मुस्लिम युवक द्वारा ऊंचागांव की युवती को ले जाने के प्रकरण ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित परिवार से मुलाकात के पश्चात अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों ने युवती की बरामदगी को लेकर रविवार को ऊंचागांव में महापंचायत करने का निर्णय लिया है। प्रकरण को जनपद मुजफ्फरनगर के बघरा आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज और योगी डॉ. गौतमनाथ के द्वारा सोशल मीडिया पर प्रमुखता से उठाया गया था, जिसके बाद हरकत में आई कैराना पुलिस ने आरोपी युवक, उसके माता-पिता, भाई व मामा के विरुद्ध जबरन धर्म परिवर्तन, अपहरण व धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। मामला सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होते ही हिंदू संगठनों की प्रतिक्रियाएं भी खुलकर सामने आने लगी है।
शनिवार को अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा का एक प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा तथा पीड़ित परिवार से मिला। इसके बाद, युवती की बरामदगी को लेकर रविवार को महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय सचिव आचार्य अशवनी शर्मा, जिलाध्यक्ष शुभम शर्मा किवाना, मंडल सचिव सुमित शर्मा एडवोकेट, मंडल महासचिव अंशुल कौशिक, गोरक्षक दल के जिलाध्यक्ष वीशु शर्मा ऐरटी आदि समेत दर्जनों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। महापंचायत में सभी बिरादरी के लोगो से शामिल होने का आह्वान किया गया है।
Comments