Kairana Road Accident: सड़क पर स्कूटी फिसलने से दिव्यांग की दर्दनाक मौत, कोहराम
कैराना-खन्द्रावली मार्ग पर गैस गोदाम के निकट हुआ हादसा, सड़क पर बिखरी रोड़ी से दुर्घटना होने का आरोप
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana Road Accident: कस्बे के खन्द्रावली मार्ग पर विगत बुधवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूटी फिसलने से गंभीर रूप से घायल हुए दिव्यांग व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में व्यक्ति की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। सड़क पर बिखरी रोड़ी हादसे का कारण बताई जा रही है।
क्षेत्र के ग्राम जहानपुरा निवासी साबिर(45) विगत बुधवार देर शाम स्कूटी से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही वह कस्बे के खन्द्रावली मार्ग पर स्थित गैस गोदाम के निकट पहुंचा, तभी उसकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। सड़क पर गिरने से साबिर गंभीर रूप से घायल हो गया। सडक पर बिखरी रोड़ी हादसे का कारण बताई गई है। राहगीरों की सहायता से घायल साबिर को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि साबिर दिव्यांग था। वह कैराना के मुख्य मार्ग पर सीओ कार्यालय के निकट स्थित फर्नीचर की दुकान पर अपने भाई सरवर के साथ काम करता था।
मृतक साबिर छह भाइयों में सबसे बडा था तथा अविवाहित था। परिवार में उसकी तीन बहनें भी हैं। हादसे में अचानक हुई साबिर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना पर किलागेट चौकी प्रभारी एसआई राजकुमार बघेल, सीसी टीम प्रभारी एसआई दुर्गपाल सिंह व हेड कांस्टेबल नीरज वर्मा भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए और घटना की जानकारी हासिल की। वहीं, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। वह शव को बिना किसी कानूनी कार्यवाही के ही अपने साथ में ले गए।
Comments