Dhanteras Celebration: धनतेरस पर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील
धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना
Dhanteras 2026: हनुमानगढ़। धनतेरस के मौके पर शुक्रवार को राजकीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सालय (Government Yoga and Naturopathy Hospital) में भगवान धन्वंतरि की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान दीप प्रज्वलित कर सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। इस मौके पर उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. तीर्थ शर्मा ने आमजन से त्योहारों को पारंपरिक उत्साह, स्वास्थ्य जागरूकता और स्वदेशी भावना के साथ मनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि धनतेरस पर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी को प्राथमिकता दें और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर आत्मनिर्भर राजस्थान के निर्माण में योगदान दें। इससे प्रदेश के कारीगरों, व्यापारियों एवं लघु उद्योगों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। राजकीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केन्द्र के प्रभारी डॉ. कुलदीप ने कहा कि भगवान धन्वंतरि आयुर्वेद चिकित्सा परंपरा में आरोग्य एवं स्वास्थ्य के प्रतीक हैं। धनतेरस का पर्व हमें संदेश देता है कि स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। स्वस्थ जीवन के लिए प्राकृतिक जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित योगाभ्यास और सकारात्मक दिनचर्या अपनाना आवश्यक है।
उन्होंने आमजन को दैनिक जीवन में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा शामिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से आमजन को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस मौके पर डॉ. रामप्रताप, डॉ. मुकेश, डॉ. सुमन, डॉ. पूनम, भुवनेश ग्रोवर, निर्मला, संपता, समाजसेवी मायरा, इंद्रसेन, बबीता, रेणु, स्नेहा, सुख, महेंद्र, नरेश, रवि एवं परिचारक शान मौजूद रहे।
Comments