Hanumangarh Mandi Holiday: छठ महापर्व पर 16 नवम्बर को जंक्शन धानमंडी में नहीं होगी कृषि जिंसों की बोली
पूर्वांचल समाज के मजदूरों की मांग पर व्यापारियों ने दिया आश्वासन
Chhath Puja Celebration: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। छठ महापर्व के अवसर पर 16 नवम्बर को जंक्शन की धानमंडी में अवकाश रहेगा। इस दिन कृषि जिंसों की बोली सहित मंडी का अन्य कार्य भी बंद रहेगा। पूर्वांचल समाज के मजदूरों की मांग पर शुक्रवार को धानका तोला मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों ने व्यापारिक संगठनों के समक्ष यह मुद्दा उठाया, जिस पर व्यापारियों ने 16 नवम्बर को मंडी में अवकाश रखने का आश्वासन दिया।
धानका तोला मजदूर यूनियन के पूर्व अध्यक्ष सतपाल दमड़ी ने बताया कि जंक्शन धानमंडी में कार्य करने वाले पूर्वांचल समाज के मजदूरों ने धानका तोला मजदूर यूनियन के अध्यक्ष दर्शन लाल, पवन कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों के समक्ष मांग रखी थी कि जिस प्रकार अन्य त्योहारों पर अवकाश रहता है, उसी प्रकार छठ पर्व पर भी एक दिन की छुट्टी दी जाए, ताकि वे अपने परिवार के साथ पर्व मना सकें और उगते सूर्य को अर्घ्य दे सकें। मजदूरों का कहना था कि छठ पूजा चार दिन तक चलती है, लेकिन मंडी में काम करने के कारण उन्हें एक दिन भी छुट्टी नहीं मिल पाती। इस पर यूनियन पदाधिकारियों ने व्यापारिक संगठनों से बातचीत कर 16 नवम्बर को मंडी में अवकाश रखने का आग्रह किया।
व्यापारियों ने इस पर सहमति जताई है। इधर, श्री छठ पूजा समिति हनुमानगढ़ के समिति व्यवस्थापक प्रदीप पाल, संतोष दास, मंतोष दास एवं शंभू दास के नेतृत्व में जंक्शन धानमंडी में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष सतपाल दमड़ी एवं पवन कुमार ने की। इसमें दर्शन लाल, अध्यक्ष धानका मजदूर यूनियन सहित अन्य लोगों ने छठ पर्व पर अवकाश की मांग का समर्थन किया। समिति व्यवस्थापक प्रदीप पाल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी चुंगी नंबर 8 पर छठ पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। चार दिवसीय छठ महोत्सव 13 से 16 नवम्बर तक आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि 11 नवम्बर को सेंट्रल जेल के सामने नशामुक्त हनुमानगढ़ के संदेश को लेकर दंगल का आयोजन किया जाएगा। टाउन क्षेत्र में भी छठ पर्व पर अवकाश करवाने के लिए समिति पदाधिकारी व्यापारियों एवं संबंधित संगठनों से मुलाकात करेंगे। इस मौके पर मन्तोष, शम्भू, गुलाब, सन्तोष, पिंटू, कृष्णा, राजू, दलीप, राजकुमार, रवि, लखिन्द्र, सुनील दास, राकेश, कुमोद, अर्जन दास सहित पूर्वांचल समाज के कई नागरिक मौजूद रहे।
Comments