Dhanteras: धनतेरस पर कैराना के बाजारों में छाई रौनक, खरीदारी के लिए उमड़े ग्राहक
धनतेरस पर कैराना के बाजारों में छाई रौनक, खरीदारी के लिए उमड़े ग्राहक
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर कस्बे के बाजारों में खूब चहल-पहल देखने को मिली। सुबह से ही बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर शाम तक जारी रहा। बाजारों में जगह-जगह ग्राहकों की भीड़ नजर आई। दुकानों पर बढ़ती रौनक से व्यापारियों के चेहरे भी खिले दिखाई दिए। धनतेरस के अवसर पर लोगों ने शुभ मुहूर्त में घरों की सजावट का सामान, झाड़ू, विभिन्न प्रकार के बर्तन, सोने-चांदी के आभूषण और सिक्कों की खरीदारी की। इस बार सोने के सिक्कों की मांग खास तौर पर देखने को मिली। इसके अलावा हाथी, चाबी और उल्लू की आकृति वाले सजावटी सामान भी ग्राहकों की पसंद बने रहे। बर्तनों की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगी रही। स्टील के साथ-साथ पीतल के बर्तनों की भी खूब खरीदारी हुई।
लोगों ने अपनी पसंद और बजट के अनुसार विभिन्न सामान खरीदे। बाजारों में बढ़ती भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। बाजारों में पुलिसकर्मी लगातार पैदल गश्त करते रहे। वहीं, प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भारी वाहनों और ई-रिक्शा के बाजारों में प्रवेश पर रोक लगाई गई, ताकि खरीदारी करने आने वाले लोगों को जाम और अन्य परेशानियों का सामना न करना पड़े। सुबह से लेकर शाम तक बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। धनतेरस पर बाजारों में रौनक से व्यापारियों में भी खासा उत्साह नजर आया। दुकानदारों को त्योहार के अवसर पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
5.jpg)
Comments