शिक्षा और रोजगार
Civil Hospital Jind: जींद नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में मरीज से मारपीट, वीडियो वायरल
थप्पड़ और मुक्कों से पीटने का आरोप, पत्नी के साथ भी दुर्व्यवहार
जींद, सच कहूँ न्यूज। Jind News: नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में उपचार के लिए आए एक मरीज के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मरीज ने सीटी स्कैन स्टॉफ पर थप्पड़ और मुक्कों से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घायल मरीज फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रोहतक रोड स्थित भगवान नगर निवासी सन्नी टैक्सी ड्राइवर है। उसके अनुसार, गुरुवार को मामा के लड़कों के साथ झगड़े में उसे और उसकी पत्नी भावना को चोटें आई थीं। दोनों उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचे। सन्नी का आरोप है कि करीब तीन घंटे तक उन्हें उपचार नहीं मिला। वह डॉक्टर से दर्द की दवा और एमएलआर कटवाने की मांग करता रहा। इसी दौरान स्टॉफ ने उसे धमकाया और मारपीट शुरू कर दी। उसने पत्नी के साथ भी दुर्व्यवहार और मारपीट का आरोप लगाया। सन्नी का यह भी कहना है कि घटना के समय पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने शुरूआत में बीच-बचाव नहीं किया।
अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुवीर पूनिया ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है, लेकिन अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कमेटी गठित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Comments