पुलिस और कम्प्यूटर अध्यापकों के बीच तीखी झड़प 

प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें छोड़ीं, हल्का लाठीचार्ज, कई अध्यापक घायल

Published On

संगरूर, गुरप्रीत सिंह/नरेश कुमार। Sangrur News: शुक्रवार को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के संगरूर स्थित आवास के पास रोष प्रदर्शन कर रहे कम्प्यूटर अध्यापकों और पुलिस के बीच जोरदार धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर हल्का लाठीचार्ज करने के साथ पानी की बौछारें भी छोड़ीं। इसके चलते कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए और बड़ी संख्या में अध्यापकों की पगड़ियां उतर गर्इं। प्रदर्शन के कारण शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास के आसपास तनाव का माहौल बना रहा। मिली जानकारी के अनुसार, कम्प्यूटर टीचर्स यूनियन पंजाब ने आज मुख्यमंत्री भगवंत मान के संगरूर स्थित आवास के सामने महंगाई भत्ते (डीए) का पत्र जारी करवाने की मांग को लेकर विशाल राज्यस्तरीय रोष रैली की।

इस रैली में पंजाब भर से बड़ी संख्या में कम्प्यूटर अध्यापकों ने हिस्सा लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जब कम्प्यूटर अध्यापकों ने शांतिपूर्ण ढंग से मुख्यमंत्री आवास की ओर रोष मार्च शुरू किया तो पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की हो गई। माहौल में तनाव बढ़ता देख पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया और पानी की बौछारें छोड़ीं। इस दौरान कई कम्प्यूटर अध्यापकों सहित महिला अध्यापकों को भी हल्की चोटें आर्इं। इनमें से तीन लोगों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। आज के इस विशाल रोष प्रदर्शन की अगुवाई यूनियन के प्रदेश नेताओं गुरविन्द्र सिंह तरनतारन, नरदीप शर्मा और जोनी सिंगला ने की। विशाल एकत्रता को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार लंबे समय से कम्प्यूटर अध्यापकों के साथ केवल पैनल बैठकों का दिखावा करके समय निकाल रही है और उनकी जायज मांगों को लगातार अनदेखा किया जा रहा है।

नेताओं ने सरकार से मांग की कि सभी कम्प्यूटर अध्यापकों को बिना किसी शर्त पूरे लाभों सहित शिक्षा विभाग में मर्ज किया जाए। कम्प्यूटर अध्यापकों को पूरा बकाया डीए और छठा पंजाब वेतन आयोग लागू किया जाए। इसके अलावा दिवंगत कम्प्यूटर अध्यापकों के परिवारों को न्याय देते हुए तुरंत सरकारी नौकरी दी जाए और सेवानिवृत्त हो चुके कम्प्यूटर अध्यापकों को उनके सभी बनते सेवानिवृत्ति लाभ तुरंत जारी किए जाएं। प्रदेश नेताओं हरप्रीत सिंह, सुनीत और अनिल एरी ने बताया कि कम्प्यूटर अध्यापक पिछले दो वर्षों से लंबित डीए का पत्र जारी करवाने के लिए आज यहाँ पहुंचे थे, लेकिन सरकार ने अपने सख्त रवैये के चलते उनके साथ लंबे समय से किए जा रहे भेदभाव की सभी हदें पार कर दी हैं। उन्होंने ऐलान किया कि अब कम्प्यूटर अध्यापक दीपावली तक डीए का पत्र जारी करवाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास के बाहर पक्का मोर्चा लगाकर बैठेंगे। 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts