Sirsa Postal Division: अब शिकायतों के लिए अब हिसार दौड़ नहीं लगाएंगे सरसा-फतेहाबाद के लोग

सरसा को मिला अपना डाक मंडल, सरसा में ही बैठेंगे डाक विभाग के अधीक्षक

Published On

सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। डाक विभाग से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए अब सरसा और फतेहाबाद के लोगों को हिसार के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पहले शिकायतों के निवारण और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए उपभोक्ताओं को हिसार जाना पड़ता था, जिससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च होते थे। अब दोनों जिलों को मिलाकर सरसा में नया डाक मंडल गठित होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। डाक विभाग के अधीक्षक का कार्यालय भी सरसा में होगा, जिससे

स्थानीय स्तर पर शिकायतों की सुनवाई और समस्याओं का निवारण आसान होगा। वहीं अधिकारियों की सीधी निगरानी से डाक कर्मचारियों की जवाबदेही बढ़ने और कामकाज में लापरवाही पर अंकुश लगने की उम्मीद है। भारतीय डाक विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नया सरसा डाक मंडल 1 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गया है। इसके तहत सरसा और फतेहाबाद जिलों के कुल 301 डाकघर नए मंडल के अधीन कार्य करेंगे। मंडल का मुख्यालय सरसा में स्थापित किया गया है।

अधीक्षक राजेश मान ने भी 1 नवंबर से सरसा में अपना कार्यभार संभाल लिया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय पर अधीक्षक डाकघर, हिसार मंडल अनिल कुमार रोज ने हरियाणा सर्कल, अंबाला की चीफ पोस्टमास्टर जनरल मनीषा बंसल बादल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चीफ पोस्टमास्टर जनरल की दूरदर्शी सोच और कुशल प्रशासनिक नेतृत्व के चलते यह पहल साकार हुई है। प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत अब तक हिसार डाक मंडल में हिसार, हांसी, सरसा और फतेहाबाद जिले शामिल थे। विभाग ने इस मंडल का पुनर्गठन कर इसे दो स्वतंत्र मंडलों में विभाजित कर दिया है।

नए सरसा डाक मंडल में सरसा और फतेहाबाद जिले शामिल होंगे, जबकि हिसार डाक मंडल के अंतर्गत हिसार और हांसी जिले रहेंगे। नए मंडल के गठन से डाक सेवाओं के प्रशासनिक प्रबंधन, निगरानी और संचालन में सुधार आने की उम्मीद है। इससे विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। इस अवसर पर अनिल कुमार रोज ने हिसार डाक मंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीण डाक सेवकों के योगदान की सराहना करते हुए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

सरसा मंडल में होंगे 301 डाकघर

प्रधान डाकघर सरसा के सिस्टम मैनेजर योगेश मेहता ने बताया कि नवगठित सरसा डाक मंडल में एक प्रधान डाकघर, 34 उप डाकघर और 266 शाखा डाकघर शामिल होंगे। इस प्रकार दोनों जिलों के कुल 301 डाकघर नए मंडल के अधीन कार्य करेंगे।

हिसार मंडल में रहेंगे 214 डाकघर

पुनर्गठन के बाद हिसार डाक मंडल में एक प्रधान डाकघर, 33 उप डाकघर और 180 शाखा डाकघर शामिल होंगे। इस तरह हिसार और हांसी जिलों के कुल 214 डाकघर इस मंडल के अधीन रहेंगे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts