शिक्षा और रोजगार
Indian Railway: रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर लगेंगे डिजिटल कियोस्क
टच-स्क्रीन पर मिलेगा रेलवे स्टेशन का नक्शा
रेवाड़ी, सच कहूँ न्यूज। रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अब प्लेटफॉर्म, टिकट घर या वेटिंग हॉल ढूंढने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार के पास टच-स्क्रीन वाले डिजिटल कियोस्क लगाए जाएंगे। इनकी मदद से यात्री स्टेशन का नक्शा देखकर अपनी जरूरत की जगह तक पहुंचने का रास्ता जान सकेंगे। रेलवे प्रशासन ने रेवाड़ी और अलवर जंक्शन पर यह सुविधा शुरू करने की मंजूरी दी है। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल के सीनियर डीसीएम भूपेश यादव ने मंगलवार को बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए यह पहल की जा रही है।
कियोस्क पर प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, पूछताछ केंद्र, वेटिंग हॉल, विश्राम कक्ष, लिफ्ट, एस्केलेटर और खानपान स्टॉल की जानकारी मिलेगी। यात्री क्यूआर कोड स्कैन करके भी अपने मोबाइल पर रास्ता देख सकेंगे। रेलवे नागपुर स्टेशन पर चल रहे डिजिटल मार्गदर्शन मॉडल की तर्ज पर दोनों स्टेशनों पर यह सुविधा विकसित करेगा। चालू वित्त वर्ष के अंत तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। डिजिटल कियोस्क पर उपलब्ध क्यूआर कोड स्कैन करके यात्री स्टेशन की सुविधाओं और वहां पहुंचने के रास्ते की जानकारी अपने स्मार्टफोन पर देख सकेंगे। इससे खासकर पहली बार स्टेशन आने वाले यात्रियों को मदद मिलेगी।
Comments