शिक्षा और रोजगार
1 नवंबर को दो कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी महामहिम राष्ट्रपति
लगभग 5 घंटे तक कुरुक्षेत्र में रूकेंगी राष्ट्रपति, भद्रकाली मंदिर में करेंगी पूजा
कुरुक्षेत्र, सच कहूँ ब्यूरो। Kurukshetra News: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कुरुक्षेत्र दौरा एक नवंबर को है। राष्ट्रपति लगभग पांच घंटे तक कुरुक्षेत्र में रूकेंगी। राष्ट्रपति कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के श्रीमदभागवत सभागार में प्रदेश स्तरीय हरियाणा दिवस कार्यक्रम में शिरकत करने के अलावा गुरुकुल कुरुक्षेत्र में स्वामी श्रद्धानंद के 100वें बलिदान दिवस के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति हरियाणा के एकमात्र शक्तिपीठ माँ भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना करेंगी। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। कार्यक्रम स्थलों, रूटों, हेलीपैड और मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल, पैरामिलिट्री फोर्स और खुफिया एजेंसियों की तैनाती की जाएगी।
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए अलग से रूट प्लान बनाया गया है ताकि आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। डीसी विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर राष्ट्रपति का आगमन पूरे हरियाणा प्रदेश के लिए गौरवमयी क्षण है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मंगलवार को राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश के बनने के 60 वर्ष पूरे होने पर 1 नवंबर को हरियाणा दिवस का प्रदेश स्तरीय मुख्य हीरक जयंती समारोह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, केयूके वीसी प्रो सोमनाथ सचदेवा, अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया, एसडीएम अमन कुमार, एसडीएम राजेश कुमार सोनी, एसडीएम शंभू राठी सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
Comments