रोजगार, किसान और कानून-व्यवस्था पर सरकार दे जवाब: राव नरेंद्र सिंह

वादों का हिसाब देने के लिए श्वेतपत्र जारी करे भाजपा सरकार

Published On

सरसा, सच कहूँ/सुनील वर्मा। Sirsa News: भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने पर कांग्रेस ने सरकार के चुनावी वादों पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सरसा में पत्रकार वार्ता कर कहा कि सरकार बताए कि जनता से किए गए कितने वादे पूरे हुए और कितने अब भी अधूरे हैं। उन्होंने कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, किसानों की परेशानी, भ्रष्टाचार और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार को घेरा। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि व्यापारियों से रंगदारी, धमकियों और गोलीबारी की घटनाओं से कारोबारी वर्ग चिंतित है। किसानों को धान-बाजरे की खरीद और भुगतान में परेशानी हो रही है।

जबकि युवा रोजगार के अवसर तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को 2100 रुपए मासिक देने, दो लाख पक्की सरकारी नौकरियां, पांच लाख रोजगार और प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपए तक मुफ्त उपचार देने का वादा किया था। सरकार इन योजनाओं के लाभार्थियों और प्रगति का ब्योरा सार्वजनिक करे। उन्होंने 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद, पांच लाख आवास, 500 रुपए में गैस सिलेंडर और अग्निवीरों को सरकारी नौकरी देने जैसी घोषणाओं पर भी जवाब मांगा।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने सरकारी व्यवस्थाओं में कथित भ्रष्टाचार, अवैध खनन और नशे की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और मुफ्त डायलिसिस योजना की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा हरियाणा को पार्ट टाइम नहीं, पूर्णकालिक मुख्यमंत्री चाहिए। उन्होंने सरकार से दो साल के कार्यकाल का वादावार श्वेतपत्र जारी करने की मांग की, जिसमें खर्च, लाभार्थियों और अधूरे कार्यों की समयसीमा का विवरण हो। इस अवसर पर कालांवाली से विधायक शीशपाल केहरवाला, सरसा विधायक गोकुल सेतिया, पूर्व सांसद सुशील इंदौरा, पूर्व विधायक डॉ. के.वी. सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार शर्मा, वीरभान मैहता सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts