Bribe Case: नगर परिषद का कंप्यूटर ऑपरेटर 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार, बिल पास करने के बदले मांगी थी रकम

नगर परिषद में ठेकेदारी पर लगा था आरोपी

Published On

कैथल, एजेंसी, सच कहूँ/कुलदीप नैन। Kaithal News: नगर परिषद में ठेकेदार के बिल पास करवाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने कंप्यूटर ऑपरेटर संजय को 18 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी नगर परिषद में ठेकेदारी के तहत स्वीपर के पद पर लगा हुआ था, लेकिन फिलहाल म्यूनिसिपल इंजीनियर कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम कर रहा था। एसीबी अब इस मामले में किसी अधिकारी की भूमिका होने की भी जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी एक ठेकेदार से काम के बिल पास करवाने की एवज में बार-बार रुपयों की मांग कर रहा था। इससे परेशान होकर ठेकेदार ने एसीबी को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर टीम ने जाल बिछाया और ठेकेदार को 18 हजार रुपये लेकर आरोपी के पास भेजा। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। 

एसीबी इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। यदि जांच में किसी अधिकारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

 

About The Author

Related Posts