पोर्टल वेरिफिकेशन में देरी, नमी की मात्रा अधिक बताने और उठान धीमा होने से नाराज किसानों ने किया प्रदर्शन

पोर्टल वेरिफिकेशन में देरी, नमी की मात्रा अधिक बताने और उठान धीमा होने से नाराज किसानों ने किया प्रदर्शन

Published On

छछरौली सच कहूं राजेंद्र कुमार। धान खरीद में आ रही समस्याओं, पोर्टल वेरिफिकेशन में गड़बड़ी और मंडियों में धान का समय पर उठान नहीं होने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने बुधवार को छछरौली स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। किसानों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्यालय पर ताला जड़ दिया। किसान नेताओं ने धान खरीद से जुड़ी समस्याओं का तुरंत समाधान करने और किसानों की फसल की खरीद सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

किसान नेताओं का आरोप है कि पोर्टल पर फसल का वेरिफिकेशन नहीं होने के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा धान में नमी की मात्रा अधिक बताकर खरीद में आनाकानी की जा रही है और प्रति एकड़ फसल की निर्धारित मात्रा कम किए जाने से भी किसान परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए बार-बार मंडियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि धान की धीमी खरीद और समय पर उठान नहीं होने के कारण अनाज मंडियां धान से अटी पड़ी हैं। मंडियों में जगह की कमी के चलते किसानों और आढ़तियों को परेशानी हो रही है। इसी के विरोध में किसान नेताओं ने सभी मंडियों में बंद का आह्वान किया था। इसके तहत छछरौली में किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचकर अपना विरोध दर्ज करवाया।
प्रदर्शन में सुखदेव सिंह जिला महासचिव, महा सिंह अध्यक्ष प्रताप नगर, सुखदेव सिंह अध्यक्ष छछरौली, बलबीर सिंह कोट कलसिया, दया राम जैधर सहित अनेक किसान नेताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया।

किसान नेताओं ने मांग की कि पोर्टल वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, किसानों की फसल का सत्यापन समय पर किया जाए और मंडियों में पहुंचने वाले धान की खरीद में अनावश्यक देरी न हो। साथ ही खरीदे गए धान का उठान तेज किया जाए, ताकि मंडियों में नई फसल लाने वाले किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

छछरौली मंडी में 1.44 लाख क्विंटल से अधिक धान की आवक

वहीं, मार्केट कमेटी सचिव अनिल पुरुषार्थी ने बताया कि धान खरीद को लेकर आ रही समस्याओं का लगभग समाधान हो चुका है। उन्होंने मंडियों में धान की आवक और खरीद के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि छछरौली अनाज मंडी में अब तक 1,44,980 क्विंटल धान की आवक हो चुकी है, जिसमें से 1,23,536 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है। इसी प्रकार प्रताप नगर अनाज मंडी में अब तक 74,341 क्विंटल धान की आवक हुई है, जिसमें से 70,211 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। खारवन अनाज मंडी में 26,260 क्विंटल धान की आवक हुई है, जिसमें से 21,361 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है।

About The Author

Related Posts