ब्लॉक नदामपुर और भवानीगढ़ की साध-संगत बुजुर्ग महिला के लिए बनी मददगार
कमरे की जर्जर छत बदलकर इन्सानियत का फर्ज निभाया
भवानीगढ़, (सच कहूँ/विजय सिंगला)। पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन शिक्षाओं पर चलते हुए ब्लॉक नदामपुर के गाँव डेहलेवाल में ब्लॉक नदामपुर और भवानीगढ़ की साध-संगत ने बुजुर्ग माता हरदीप कौर पत्नी स्वर्गीय बृषभान के कमरे की जर्जर छत बदलकर इन्सानियत का फर्ज निभाया। जानकारी के अनुसार, गाँव डेहलेवाल निवासी माता हरदीप कौर के दो बेटे हैं। इनमें से एक बेटा अपने परिवार के साथ अलग रहता है, जबकि दूसरा बेटा मानसिक तौर पर विक्षिप्त होने के कारण माता के साथ ही रहता है। बुजुर्ग माता हरदीप कौर नजदीकी शहर नाभा में लोगों के घरों में साफ-सफाई का काम करके अपने परिवार का गुजारा करती हैं। माता और उनका बेटा जिस कमरे में रहते थे, उसकी हालत बेहद खराब थी।

कमरे की छत जर्जर हो चुकी थी और बारिश के दौरान पानी टपकता था। माता प्लास्टिक की तिरपाल लगाकर पानी रोकने का प्रयास करती थीं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह अपने कमरे की छत बदलवाने में असमर्थ थीं। जब इस बारे में ब्लॉक नदामपुर के सेवादारों को पता चला तो उन्होंने माता के मकान की छत बदलने का बीड़ा उठाया। डेरा सच्चा सौदा की ओर से ब्लॉक भवानीगढ़ और नदामपुर के जिम्मेवार सेवादारों को छत बदलने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद ब्लॉक भवानीगढ़-नदामपुर की साध-संगत और शाह सतनाम जी ग्रीन एस वैल्फेयर कमेटी के सदस्यों ने सहयोग करते हुए कमरे में मिट्टी भरकर उसे ऊंचा किया, नई छत डाली और रंग-रोगन भी किया। इससे माता को जर्जर छत गिरने और बारिश में पानी टपकने की चिंता से राहत मिली।
इस मौके पर सच्चे नम्र सेवादार प्रेम कुमार इन्सां ने कहा कि ब्लॉक भवानीगढ़-नदामपुर की साध-संगत जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहती है। इस अवसर पर सच्चे नम्र सेवादार भजन सिंह भोला, ब्लॉक नदामपुर के प्रेमी सेवक देवी दयाल इन्सां नदामपुर, जरनैल सिंह इन्सां फम्मणवाल, जगसीर सिंह जग्गी प्रेमी सेवक बींबड़ी, मनजीत कुमार, कुलजीत इन्सां नदामपुर, केसरी इन्सां बालद खुर्द, भगवान इन्सां प्रेमी सेवक रामपुरा, गुरमेल दास झनेड़ी (ऑस्ट्रेलिया), राम सिंह इन्सां झनेड़ी और रुलदा इन्सां सहित बड़ी संख्या में सेवादार उपस्थित थे।
बुजुर्ग माता ने जताया डेरा प्रेमियों का आभार
इस अवसर पर बुजुर्ग माता ने डेरा सच्चा सौदा की ओर से किए जा रहे मानवता भलाई के कार्यों की सराहना की और पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां का हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया। गाँव के गणमान्य लोगों ने भी साध-संगत के इस कार्य की प्रशंसा की।