शिक्षा और रोजगार
NITRA: निटरा को अनुसंधान एवं विकास के लिए सीआईआई उत्कृष्टता पुरस्कार
यह सम्मान निटरा के अनुसंधान, नवाचार और उद्योगों के साथ सहयोग, प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान: डॉ. एमएस परमार
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: नॉर्दर्न इंडिया टेक्सटाइल रिसर्च एसोसिएशन (निटरा), गाजियाबाद को अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के प्रतिष्ठित उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। सात अक्टूबर 2026 को बेंगलुरु में आयोजित सीआईआई ग्लोबल समिट ऑन इंडस्ट्रियल कॉम्पिटिटिवनेस में निटरा को ‘आरएंडडी कोलैबोरेशन–मटेरियल, केमिकल्स एंड टेक्सटाइल्स (लार्ज एंटरप्राइज)’ श्रेणी में यह सम्मान प्रदान किया गया। निटरा के महानिदेशक डॉ. एमएस परमार ने संस्थान की ओर से पुरस्कार प्राप्त किया।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान निटरा के अनुसंधान, नवाचार और उद्योगों के साथ सहयोग की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। संस्थान ने उन्नत सामग्री, तकनीकी वस्त्र, टिकाऊ प्रौद्योगिकी, सुरक्षात्मक परिधान और विशेष परीक्षण तकनीकों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण काम किया है। पिछले तीन वर्षों में निटरा ने कई नए उत्पाद, प्रक्रियाएं और तकनीकें विकसित की हैं। निटरा की प्रमुख उपलब्धियों में मिल्कवीड फाइबर तकनीक, अग्निशमन कर्मियों के लिए विशेष सूट, टिकाऊ एग्रो-टेक्सटाइल्स, उन्नत थर्मल टेस्टिंग उपकरण और जूट आधारित तकनीकी वस्त्र शामिल हैं।
इन प्रयासों का उद्देश्य प्राकृतिक एवं टिकाऊ सामग्री के उपयोग, सुरक्षा और संसाधनों की दक्षता बढ़ाने के साथ वस्त्र उद्योग को नए तकनीकी समाधान उपलब्ध कराना है।यह पुरस्कार निटरा के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, तकनीकी विशेषज्ञों और पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इससे भारतीय वस्त्र उद्योग के लिए एक प्रमुख अनुसंधान एवं विकास सहयोगी के रूप में संस्थान की पहचान और मजबूत हुई है। यह उपलब्धि गाजियाबाद के साथ उत्तर प्रदेश के लिए भी गौरव का विषय है।