Kairana Crime News: पीएनबी के मैनेजर व फील्ड ऑफिसर समेत तीन पर धोखाधड़ी व जालसाजी का आरोप, मुकदमा दर्ज

फर्जी दस्तावेज तैयार करके हरियाणा के किसान की भूमि पर 8.50 लाख रुपये का ऋण लेने का आरोप

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana Crime News: हरियाणा के किसान ने कैराना कस्बे में स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा के प्रबंधक व फील्ड अफसर समेत तीन लोगों पर फर्जी दस्तावेज तैयार करके जालसाजी व धोखाधड़ी से उसकी कृषि भूमि पर 8.50 लाख रुपये का ऋण लेने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। कैराना स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया है।

हरियाणा के जनपद पानीपत के ग्राम उरनाला खुर्द निवासी 

जरनेल सिंह ने भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता(बीएनएसएस) की धारा-173(4) के तहत कोर्ट के आदेश पर कैराना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि उसने विगत 01 सितंबर 2016 को ग्राम बलहेडा परगना बिडौली तहसील कैराना में स्थित खाता संख्या-147, खसरा संख्या-119, रकबा 1.2960 हेक्टेयर में से 0.8480 हेक्टेयर कृषि भूमि मोहम्मद राशिद निवासी ग्राम बलहेडा तहसील घरौण्डा जिला करनाल हरियाणा से क्रय की थी, जिसका बैनामा उसके हक में हुआ है। बैनामे के आधार पर वह उक्त कृषि भूमि पर काबिज है। यह कृषि भूमि सर्वे में होने के कारण समय पर उसके हक में स्थानांतरित नही हो पाई। वह बीमार और बाहर रहने के कारण उक्त बैनामे का स्थानान्तरण नही करा पाया था।

विपक्षी राशिद अत्यधिक चालाक है, जिसके चलते उसने पंजाब नैशनल बैंक शाखा कैराना के प्रबंधक व फील्ड ऑफिसर से सांठ-गांठ करके राजस्व रिकार्ड में हेराफेरी करते हुए फर्जी डीड बनवाई। आरोपी राशिद ने उसके द्वारा खरीदी गई कृषि भूमि पर पीएनबी बैंक शाखा से 03 मई 2023 को 8.50 लाख रुपये ऋण प्राप्त कर लिया। पीड़ित का कहना है कि लोन की रकम जमा न होने के कारण उक्त भूमि का स्थानांतरण उसके हक में नही हो रहा है, जिस कारण उसे परेशानी का सामना करना पड रहा है। वह कई बार आरोपियों को उसकी कृषि भूमि पर लिए गए ऋण की रकम को जमा करने के लिए कह चुका है, परन्तु आरोपियों ने आज तक ऋण जमा नही किया। विगत 28 जून 2026 को वह ग्राम मतलौडा जिला पानीपत निवासी बलबीर सिंह व जोगिन्द्र को लेकर

पंजाब नेशनल बैंक शाखा कैराना पर गया और शाखा प्रबंधक व फील्ड ऑफिसर से अपनी कृषि भूमि पर लिए गए 8.50 लाख रुपये के ऋण की बाबत बात की। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ में गाली-गलौच की तथा उसे और साथ आए दोनों लोगो को बाहर निकाल दिया। इसके बाद, वह विपक्षी राशिद के पास गया और कृषि भूमि पर बैंक से निकाले गए ऋण को जमा करने के लिए कहा। आरोप है कि इस पर राशिद ने भी उन्हें गाली-गलौच करते हुए अपने घर से भगा दिया। पीड़ित का कहना है कि उसने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस और विभाग के उच्चाधिकारियों को की, परन्तु कोई कार्यवाही नही हुई। वहीं, पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

About The Author

Related Posts