सड़क पर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे व्यक्ति के लिए बठिंडा पुलिस की पीसीआर टीम बनी उम्मीद की किरण
पुलिस ने आमजन की मदद से घायल व्यक्ति को पहुंचाया अस्पताल
बठिंडा, सच कहूँ/सुखनाम। Bathinda News: एसएसपी बठिंडा सुहेल कासिम मीर आईपीएस के दिशा-निर्दशों के अनुसार बठिंडा पुलिस की ओर से जहाँ अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं पीसीआर टीमें शहर में दिन-रात गश्त कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ मुसीबत में फंसे लोगों की मदद के लिए भी आगे आ रही हैं। बठिंडा पुलिस की ये टीमें न केवल अपराधों पर नजर रखती हैं, बल्कि हर उस व्यक्ति के साथ खड़ी रहती हैं, जिसे किसी भी समय मदद की जरूरत हो। इसी सेवा भावना की एक दिल को छू लेने वाली मिसाल बीती रात देखने को मिली।
बठिंडा पुलिस की पीसीआर पार्टी इको-7 के कर्मचारी राजेन्द्र सिंह इन्सां और गुरतेज सिंह रोजाना की तरह गश्त पर तैनात थे। रात करीब 9:30 बजे जब पुलिस पार्टी गुरु कुल रोड स्थित राजीव नगर मार्केट के सामने से गुजर रही थी तो अचानक उनकी नजर सड़क हादसे में घायल एक अज्ञात व्यक्ति पर पड़ी। एक एक्टिवा सवार व्यक्ति को किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी और उसका सिर पक्की सड़क पर टकराने के कारण वह बेहोशी की हालत में था। मौके पर पहुंची पीसीआर पुलिस पार्टी ने तुरंत उसे प्राथमिक सहायता दी और उसके
शरीर को संभालते हुए सिर पर लगी चोट की जांच की। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सड़क से हटाकर एक सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इको-7 के इंचार्ज एएसआई राजेन्द्र सिंह इन्सां ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नौजवान वैल्फेयर सोसायटी के कार्यकर्ताओं को एंबुलेंस सहित मौके पर बुलाया। कुछ ही समय में आकाशदीप नामक कार्यकर्ता अपने साथी के साथ एंबुलेंस लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद लोगों की मदद से घायल व्यक्ति को एंबुलेंस में बैठाकर सरकारी अस्पताल, बठिंडा पहुंचाया गया।
Comments