HKRN Portal News: अनुबंधित बिजली कर्मियों के लिए खुलेगा एचकेआरएन पोर्टल
निगम रेट लागू करने पर बनी सहमति, हटाए गए 19 कर्मचारियों की वापसी
चंडीगढ़, सच कहूँ न्यूज। Electricity Workers News: बिजली निगमों में कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों की मांगों को लेकर संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल की शक्ति भवन पंचकूला में विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) के प्रबंध निदेशक आदित्य दहिया के साथ बैठक हुई। बैठक में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) पोर्टल खोलने और निगम रेट लागू करने पर सहमति बनी। डीसी रेट पर कार्यरत कर्मचारियों को भी एचकेआरएन निगम रेट का लाभ देने का मुद्दा उठाया गया।
बैठक में कैथल के 12 और पलवल के 7 सहित नौकरी से हटाए गए कुल 19 कर्मचारियों का मामला प्रमुखता से रखा गया। एमडी ने आश्वासन दिया कि सकारात्मक पक्ष के साथ रिपोर्ट मुख्य सचिव और संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी। एएलएम से एसए व अन्य पदनामों में बदलाव के समाधान के लिए वे अतिरिक्त मुख्य सचिव और एचकेआरएन निदेशक से सीधी बात करेंगे।
योग्यता में छूट और वेतन स्लैब में संशोधन पर बनी सहमति
एमडी ने कहा कि जिन कर्मचारियों ने नियुक्ति के बाद आवश्यक योग्यता हासिल की है, उन्हें नियमानुसार छूट दी जाएगी। निर्धारित योग्यता न रखने वालों की अलग-अलग फाइल सकारात्मक रिपोर्ट के साथ मुख्य सचिव को भेजी जाएगी। अनुभव के आधार पर वेतन स्लैब बदलने पर भी सहमति बनी, जिसके लिए मुख्य सचिव के माध्यम से फाइल चलाई जाएगी। एचपीजीसीएल के समझौते को लागू करने के मुद्दे पर एमडी मनीराम से बातचीत हुई। बैठक में पुनीत कुंडू, रविंद्र घनघस, बलजीत बेनीवाल, इकबाल चंदाना, सुरेश राठी, सुनील ढिल्लों सहित कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Comments