शिक्षा और रोजगार
Raipur Rani: रायपुर रानी में 11.12 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
विधायक ने रखी आधारशिला
पंचकूला, सच कहूँ/मैनपाल। Panchkula News: कालका विधानसभा क्षेत्र के रायपुर रानी ब्लॉक में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक शक्तिरानी शर्मा ने लगभग 11.12 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में संपर्क मार्गों का सुदृढ़ीकरण और पुलों का पुनर्निर्माण शामिल है। इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। विधायक शक्तिरानी शर्मा ने गांव टोडा में 408.41 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
इनमें 80.54 लाख रुपये की लागत से टोडा संपर्क मार्ग का सुदृढ़ीकरण तथा 327.87 लाख रुपये की लागत से टांगरी नदी पर स्थित तीन स्पैन वाले पुल का पुनर्निर्माण शामिल है। इसके बाद उन्होंने खेरड़ी-हरियोली मार्ग पर 303.98 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित पुल के पुनर्निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इस पुल के पुनर्निर्माण से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके पश्चात विधायक शक्तिरानी शर्मा गांव हंगोला स्थित ब्राह्मण धर्मशाला पहुंचीं, जहां 189.14 लाख रुपये की लागत से 4.17 किलोमीटर लंबे समलेहड़ी-हंगोला संपर्क मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया।
गांव भूड़ में 210.24 लाख रुपये की लागत से दो संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण कार्यों की आधारशिला रखी गई। इनमें 137.18 लाख रुपये की लागत से 4.56 किलोमीटर लंबे गनौली से मंडलाई वाया भूड़ मार्ग और 73.06 लाख रुपये की लागत से 1.55 किलोमीटर लंबे भूड़-अपर भूड़ मार्ग का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
Comments