शिक्षा और रोजगार
अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क मामले में हरियाणा एटीएस ने दो और इनामी आरोपियों को किया गिरफ्तार
पंचकूला क्लब फायरिंग मामले में अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार
पंचकूला, सच कहूँ न्यूज। Panchkula News: हरियाणा एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क से जुड़े पंचकूला क्लब फायरिंग मामले में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए दो और इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविन्द्र सिंह उर्फ छनकु निवासी गांव लक्खा सिंह वाला हिठाड़ तथा सुखविन्द्र सिंह उर्फ सोनू निवासी ढाणी जला लखे के हिठाड़, जिला फाजिल्का, पंजाब के रूप में हुई है।
दोनों आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान और लोकेशन बदल रहे थे। बलविन्द्र सिंह पर 50 हजार रुपये तथा सुखविन्द्र सिंह पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इन दोनों की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। सोमवार को पुलिस मुख्यालय, पंचकूला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अधीक्षक एटीएस कुलदीप सिंह ने इस महत्वपूर्ण कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 13 सितम्बर को पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में हुई फायरिंग की घटना की जांच के दौरान एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क का खुलासा हुआ था। मामले की गंभीरता और इसके अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय संपर्कों को देखते हुए जांच एटीएस को सौंपी गई थी। एटीएस की टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, खुफिया सूचनाओं और लगातार किए गए प्रयासों के आधार पर नेटवर्क की विभिन्न कड़ियों को जोड़ते हुए कार्रवाई की। इसी क्रम में अब दो और वांछित इनामी आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई कर आरोपियों को किया गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि उप पुलिस अधीक्षक कर्मबीर सिंह,निरीक्षक बलजीत सिंह, पीएसआई अंकित, सहायक उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह और मुख्य सिपाही कुलबीर सिंह के साथ एसओजी अंबाला की टीम ने विशेष रणनीति के तहत कार्रवाई की। टीम ने लगातार निगरानी और प्रयासों के बाद 14 नवम्बर 2026 को दोनों इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है।
लगातार अपनी पहचान और लोकेशन बदलकर गिरफ्तारी से बच रहे थे आरोपी
एसपी एटीएस ने बताया कि मामले में वांछित बलविन्द्र सिंह उर्फ छनकु और सुखविन्द्र सिंह उर्फ सोनू बेहद शातिर तरीके से पुलिस की गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहे थे। दोनों आरोपी लगातार अपनी पहचान और लोकेशन बदल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए एटीएस की विभिन्न टीमों द्वारा पंजाब सहित संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए बलविन्द्र सिंह पर 50,000 रुपये तथा सुखविन्द्र सिंह पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित करवाया था।
अमेरिका में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे नेटवर्क के सदस्य
जांच के दौरान सामने आया कि नेटवर्क के कुछ हैंडलर विदेश, विशेषकर अमेरिका में बैठकर स्थानीय स्तर पर अपने संपर्कों के माध्यम से गतिविधियां संचालित कर रहे थे। इनके माध्यम से हथियारों, नशीले पदार्थों और ड्रग मनी को निर्धारित ठिकानों तक पहुंचाने का काम किया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भेजी जाने वाली नशीले पदार्थों और हथियारों की खेप को निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय हैंडलरों का इस्तेमाल किया जाता था। इस पूरे नेटवर्क में अलग-अलग स्तर पर काम करने वाले व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। एटीएस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों को किस माध्यम से धनराशि और संसाधन उपलब्ध करवाए जाते थे तथा इस नेटवर्क का संचालन किन लोगों के निर्देश पर किया जा रहा था।
पहले गिरफ्तार सात आरोपियों से महत्वपूर्ण बरामदगी
एसपी एटीएस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान इससे पहले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें लखबीर सिंह उर्फ लक्की, गुरप्रीत सिंह, करनजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ काकू, शिवम उर्फ शिवा, सुरजीत सिंह और जज सिंह शामिल हैं। इन आरोपियों की गिरफ्तारी और निशानदेही पर पुलिस ने तीन गाड़ियां, जिनमें एक एक्सयूवी-500, एक स्कॉर्पियो और एक हुंडई आई-20 शामिल हैं, बरामद की हैं। इसके अतिरिक्त एक मोटरसाइकिल, दो अवैध पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस, 529 ग्राम हेरोइन/चिट्टा और ड्रग मनी की गिनती में इस्तेमाल होने वाली तीन कैश काउंटिंग मशीन भी बरामद की गई हैं।
Comments