शिक्षा और रोजगार
शहीद करतार सिंह सराभा के शहीदी दिवस पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किए कई बड़े ऐलान
स्पोर्ट्स क्लब को 51 लाख रुपये की ग्रांट, पंजाब का इतिहास स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की घोषणा
लुधियाना, सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा। Ludhiana News: क्रांतिकारी शहीद करतार सिंह सराभा के 111वें शहीदी दिवस के अवसर पर पंजाब सरकार की ओर से उनके पैतृक गांव सराभा में राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शहीद के स्मारक और पैतृक घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और समारोह को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद करतार सिंह सराभा की कुबार्नी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। सराभा जैसे महान शहीदों की सोच और देश की आजादी के लिए दी गई कुबार्नी युवा पीढ़ी के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि 24 नवम्बर को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर करतारपुर साहिब का कॉरिडोर खोला जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु करतारपुर साहिब के दर्शन करना चाहते हैं। यदि एक दिन के लिए भी कॉरिडोर खोल दिया जाए तो श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने गाँव सराभा में युवाओं के खेलों के प्रति उत्साह की सराहना करते हुए शहीद करतार सिंह सराभा स्पोर्ट्स क्लब को 51 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना समय की मुख्य जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने स्कूल में डीपी टीचर का पद जल्द भरने का भरोसा भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के इतिहास और संस्कृति को स्कूलों में वह स्थान नहीं मिल पाया, जिसके वे हकदार हैं। पंजाब की नई पीढ़ी को अपने महान योद्धाओं, शहीदों और विरासत के बारे में जानकारी होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से सरकार की ओर से पंजाब के इतिहास और संस्कृति को स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। उन्होंने गांव सराभा में लुधियाना जिले के 187वें आम आदमी क्लीनिक का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि लोगों को उनके घरों के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद करतार सिंह सराभा के जीवन और देश की आजादी के लिए उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि महज 19 वर्ष की आयु में देश के लिए फांसी का फंदा चूमने वाले इस महान क्रांतिकारी की कुबार्नी हमेशा याद रखी जाएगी।
Comments