Free Education Scheme: 2400 विद्यार्थियों को मिलेगी फ्री शिक्षा, जल्दी करें आवेदन

30 नवंबर तक होंगे ऑनलाइन आवेदन, 10 जनवरी 2027 को होगी प्रवेश परीक्षा

Published On

SHRESHTA Scheme 2027: श्रीगंगानगर (सच कहूँ ब्यूरो)। मेधावी अनुसूचित जाति (SC) एवं गैर-अधिसूचित जनजाति (DNT) वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की श्रेष्ठा योजना (SHRESHTA-NETS) 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने 14 नवंबर 2026 को सार्वजनिक नोटिस जारी कर पात्र विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

इस योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2027-28 में देश के प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों की कक्षा 9वीं एवं 11वीं में प्रवेश के लिए लगभग 2400 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इनमें 2160 विद्यार्थी अनुसूचित जाति तथा 240 विद्यार्थी गैर-अधिसूचित जनजाति (DNT) वर्ग से होंगे। चयनित विद्यार्थियों की शिक्षा का पूरा खर्च केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

30 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

एनटीए के अनुसार ऑनलाइन आवेदन 14 नवंबर से 30 नवंबर 2026 रात 11:50 बजे तक किए जा सकेंगे। आवेदन पत्र में निर्धारित विवरणों में सुधार के लिए 2 से 4 दिसंबर 2026 तक अवसर मिलेगा। परीक्षा शहर की सूचना 20 दिसंबर 2026 को जारी होगी, जबकि प्रवेश पत्र 3 जनवरी 2027 से डाउनलोड किए जा सकेंगे।

10 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा

श्रेष्ठा-2027 की प्रवेश परीक्षा 10 जनवरी 2027 (रविवार) को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा देशभर के 192 शहरों में पेन एवं पेपर आधारित ओएमआर शीट के माध्यम से होगी। प्रश्नपत्र हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में रहेगा तथा परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।

यहां करें ऑनलाइन आवेदन

पात्र विद्यार्थी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/shreshta/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना की पात्रता, आयु एवं शैक्षणिक योग्यता, पाठ्यक्रम, चयन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी सूचना बुलेटिन में उपलब्ध है। एवं अधिक जानकारी के लिए एनटीए की वेबसाइट www.nta.ac.in पर भी संपर्क किया जा सकता है। अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 एवं 011-69227700 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक एवं सामाजिक रूप से वंचित वर्गों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराकर उनके शैक्षणिक भविष्य को मजबूत बनाना है।

राजस्थान के 10 जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्र

श्रेष्ठा-2027 प्रवेश परीक्षा के लिए राजस्थान में 10 जिलों में परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें बीकानेर (3902), जयपुर (3903), जोधपुर (3904), कोटा (3905), उदयपुर (3906), अलवर (3907), भरतपुर (3910), नागौर (3920), सीकर (3923) एवं श्रीगंगानगर (3925) शामिल हैं। अभ्यर्थियों को आवंटित परीक्षा केंद्र की विस्तृत जानकारी परीक्षा शहर सूचना पर्ची एवं प्रवेश पत्र में उपलब्ध होगी।

एक्सपर्ट व्यू : वंचित वर्गों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर

शिक्षाविद् एवं शिक्षक संघ रेसटा राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने कहा कि श्रेष्ठा योजना सामाजिक एवं शैक्षणिक समानता की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना से अनुसूचित जाति एवं गैर-अधिसूचित जनजाति वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

विशेष बात यह है कि चयनित विद्यार्थियों की शिक्षा का पूरा खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी, जिससे आर्थिक अभाव प्रतिभाओं की राह में बाधा नहीं बनेगा। उन्होंने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की कि वे योजना की पात्रता एवं दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर निर्धारित समय सीमा में आवेदन करें तथा परीक्षा की तैयारी अभी से शुरू करें। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाओं की जानकारी ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक पहुंचाना भी आवश्यक है, ताकि कोई पात्र प्रतिभावान विद्यार्थी जानकारी के अभाव में इस अवसर से वंचित न रहे।

मोहर सिंह सलावद, शिक्षाविद् एवं प्रदेशाध्यक्ष, शिक्षक संघ रेसटा राजस्थान।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts