Weather Update: उत्तर भारत में बारिश और मौसम को लेकर ताजा अपडेट जारी
देश का सबसे प्रदूषित शहर बना यूपी का मुजफ्फरनगर जिला, 338 पहुंचा AQI
नई दिल्ली/हिसार (सच कहूँ/संदीप सिंहमार)। वीकेंड पर हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में हुई हल्की बूंदाबांदी और छाए बादलों के कारण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक में मामूली सुधार दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसमी बदलाव को प्रदूषण का स्थायी समाधान नहीं समझा जाना चाहिए, क्योंकि देश के कई हिस्सों में हवा की गुणवत्ता अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
भारत मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक 15 नवंबर से 22 नवंबर तक हरियाणा, पंजाब, राजस्थान में मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान रात्रि के तापमान में गिरावट तो दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। वहीं देश की राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आधिकारिक वायु गुणवत्ता बुलेटिन के आंकड़ों के अनुसार देश के 10 सबसे अधिक प्रदूषित शहरों में प्रदूषण का स्तर खतरनाक बना हुआ है।
बुलेटिन के अनुसार उत्तर प्रदेश का मुजफ्फरनगर 338 एक्यूआई के साथ सबसे ऊपर है। इसके बाद ओडिशा का बिलेईपाड़ा 328 एक्यूआई के साथ दूसरे और उत्तर प्रदेश का मुरादाबाद 323 एक्यूआई के साथ तीसरे स्थान पर दर्ज किया गया। गजरौला 319 एक्यूआई, पंचगांव 309 एक्यूआई और हरियाणा का यमुनानगर 306 एक्यूआई के साथ बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, सोनीपत में 297 एक्यूआई, गुरुग्राम में 296 एक्यूआई, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 290 एक्यूआई और कुरुक्षेत्र में 286 एक्यूआई दर्ज किया गया है।
Comments